पटियाला, 11 सितंबर,2026 (छत्रपाल सिंह) : श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार द्वारा राज्यभर में करवाए जा रहे विशेष समागमों की श्रृंखला के तहत आज देर शाम पटियाला ग्रामीण हलके में 500 ड्रोन के शानदार शो ने संगत को गुरु रविदास जी के जीवन, बाणी एवं दर्शन से परिचित करवाया। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, आम आदमी पार्टी के एस.सी. विंग के प्रदेश अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह जी.पी. सहित डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल तथा पटियाला ग्रामीण हलके से बड़ी संख्या में पहुंची संगत ने इस आकर्षक ड्रोन शो का श्रद्धाभाव से आनंद लिया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार गुरु साहिब द्वारा दिखाए मार्ग पर चलते हुए सभी वर्गों की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है।
यहां अनाज मंडी में रात के अंधेरे में आसमान में एक साथ उड़ते सैकड़ों ड्रोन के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, बाणी, विचारधारा और महान दर्शन को दर्शाते आकर्षक दृश्य प्रस्तुत किए गए। इस शानदार शो को देखकर मंत्रमुग्ध हुई संगत ने पंजाब सरकार के इस प्रयास की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद किया।

इस अवसर पर संगत द्वारा दिखाए गए उत्साह के लिए धन्यवाद करते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि युवा पीढ़ी को गुरु साहिब की महान विचारधारा से जोड़ने के लिए ड्रोन शो जैसी आधुनिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से गुरु जी के जीवन, बाणी एवं शिक्षाओं को रात के आकाश में जीवंत रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी की बाणी एवं शिक्षाएं संपूर्ण मानवता को समानता, भाईचारे, मेहनत, सदाचार और सांझीवालता का मार्ग दिखाती हैं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज जी का दर्शन किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण मानवता के लिए समानता, स्वतंत्रता, भाईचारे और सांझीवालता का महान संदेश है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि गुरु जी ने जात-पात, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध आवाज बुलंद करते हुए यह संदेश दिया कि मनुष्य की महानता उसके जन्म या कुल में नहीं, बल्कि उसके अच्छे कर्मों, उच्च आचरण और मानवता के प्रति समर्पण में है।
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित एक वर्ष तक चलने वाले समागमों के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक का बजट रखा है। उन्होंने कहा कि इन समागमों का मुख्य उद्देश्य गुरु साहिब के महान विचारों और मानवता की भलाई के लिए दिए संदेश को नई पीढ़ी तक आधुनिक एवं प्रभावशाली ढंग से पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान ढाडी तरसेम सिंह खेतला के जत्थे ने इतिहास और ढाडी वारों से संगत को निहाल किया।
इस अवसर पर मेयर कुंदन गोगिया, ए.डी.सी. दमनजीत सिंह मान, एस.पी. मोहित अग्रवाल, आप के ग्रामीण अध्यक्ष एवं इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन हरपाल सिंह विरक, एस.सी. विंग के जोन इंचार्ज अमरीक सिंह बंगड़, चेयरमैन बलजिंदर सिंह ढिल्लों, एस.सी. विंग के जिला अध्यक्ष एवं मार्केट कमेटी के चेयरमैन अशोक सिरसवाल, सीनियर डिप्टी मेयर हरिंदर कोहली, हलका कोऑर्डिनेटर लाल सिंह, जसबीर सिंह गांधी, वाइस चेयरमैन बलविंदर सिंह झाड़वां, सुरजीत सिंह अबलोवाल, यूथ विंग के प्रदेश महासचिव शिवराज विरक, चेयरमैन गुरप्रीत सिंह धमौली, दलित विकास बोर्ड के चेयरमैन जसवंत राय, बड़ी संख्या में पार्षद, पंच-सरपंच, एस.डी.एम. गुरदेव सिंह, श्री गुरु रविदास जी सभाओं, क्लबों एवं अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों के अलावा पटियाला ग्रामीण हलके के बड़ी संख्या में निवासी उपस्थित थे।






