पटियाला, 15 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): श्री सनातन धर्म सभा (रजि.), पटियाला के तत्वाधान में श्री वामन द्वादशी के पावन पर्व को पूर्ण श्रद्धा और अनुशासनमई ढंग से मनाने के लिए श्री सनातन धर्म सभा की मीटिंग सभा के प्रधान लालचंद जिंदल की अध्यक्षता में एस डी एस ई सीनियर सेकेंडरी स्कूल आर्य समाज चौक में हुई। इस मीटिंग में श्री वामन द्वादशी का पावन पर्व 23 सितंबर 2026 को मनाने के लिए सभी विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस मीटिंग में तय किया गया कि पटियाला की पुरातन पहचान इस पर्व को मनाने के लिए श्री सनातन धर्म सभा की ओर से हर वर्ष की भांति प्रधान लालचंद जिंदल, सीनियर उप प्रधान विजय मोहन गुप्ता, उप प्रधान नरेश कुमार जैन, राकेश कुमार, पवन कुमार जिंदल, त्रिभुवन गुप्ता व महामंत्री अनिल गुप्ता के मार्गदर्शन में किला चौंक में रात्रि 8-30 बजे भगवान श्री वामन अवतार की पूजा-अर्चना उपरांत एक भव्य स्टेज सजाई जाएगी, जिसमें सभी झांकियों, हिंडोलों व टिप्परियों को प्रोत्साहन पुरस्कार भेंट किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रधान लालचंद जिंदल ने कहा कि श्री सनातन धर्म सभा की ओर से मैं सभी पटियाला वासियों और श्रद्धालुओं को वामन द्वादशी के पावन पर्व की कोटि-कोटि बधाई देता हूँ और सभी से अपील करता हूँ कि वे परिवार सहित इस भव्य उत्सव और मेले में शामिल होकर भगवान वामन का आशीर्वाद प्राप्त करें। श्री सनातन धर्म सभा की ओर से सभी प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र भेजकर अनुरोध किया गया है कि उस दिन नगर में ट्रैफिक की उचित व्यवस्था बनाई जाए और असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाए। सभा ने सभी बाजार कमेटियों से भी अपील की है कि अपने-अपने बाजारों में वह सजावट व लंगर इत्यादि का उचित प्रबंध करें। उन्होंने सभी झांकियां बनाने वाले व टिप्परी खेलने वालों से अपील की कि वह तय रूट पर ही चलें और खतरनाक स्टंटों से गुरेज करें। इस अवसर पर सभा के अन्य पदाधिकारी डॉ एन के शर्मा, संजीव कुमार गुप्ता, मुकेश पुरी एवं एस डी एस ई स्कूल के प्रिंसिपल रिपुदमन सिंह भी मौजूद रहे।






