चंडीगढ़, 16 सितंबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): चंडीगढ़ ने इंडिया इलेक्ट्रिक मोबिलिटी इंडेक्स (ईएमआई) 2025 में देश के टॉप-5 प्रदर्शन करने वाले राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में स्थान बनाया है। नीति आयोग द्वारा जारी इंडेक्स में दिल्ली पहले, महाराष्ट्र दूसरे, कर्नाटक तीसरे, चंडीगढ़ चौथे और गोवा पांचवें स्थान पर रहा।
यह इंडेक्स राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में शोध व नवाचार की प्रगति का मूल्यांकन करता है। ईएमआई 2025 में कुल 16 संकेतकों को तीन प्रमुख क्षेत्रों—ट्रांसपोर्ट इलेक्ट्रिफिकेशन, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की तैयारी और ईवी रिसर्च-इनोवेशन—के तहत देखा गया। रिपोर्ट के अनुसार, इंडेक्स का उद्देश्य विभिन्न राज्यों की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में प्रगति की तुलनात्मक तस्वीर पेश करना और नीति-निर्माताओं को बेहतर क्रियान्वयन के लिए दिशा देना है।
नीति आयोग के सदस्य राजीव गौबा ने इंडेक्स जारी करते हुए इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को आर्थिक, पर्यावरणीय और रणनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का विस्तार हो रहा है और 2040 तक नई कारों की बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी 40 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है। ईएमआई 2025 में उच्चतम स्कोर भी पिछले साल के 77 से बढ़कर 84 हो गया है, जो इलेक्ट्रिक मोबिलिटी से जुड़े राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रदर्शन में सुधार को दर्शाता है। चंडीगढ़ का टॉप-5 में शामिल होना इस बात को दर्शाता है कि केंद्र शासित प्रदेश ने इलेक्ट्रिक ट्रांसपोर्ट, चार्जिंग सुविधाओं और ईवी से संबंधित नीतियों व नवाचार के क्षेत्र में अपनी उपस्थिति मजबूत की है।






