19 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): एशियाई खेलों के दौरान भारत समेत छह देशों के दलों के लिए आयोजित झंडारोहण समारोह में शुक्रवार को एक घंटे से अधिक की देरी हो गई। आयोजकों के अनुसार, देरी का कारण ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया और स्थानीय आयोजन समिति के बीच समन्वय की कमी और गलतफहमी रही।
जापान के समयानुसार दोपहर 1:30 बजे गार्डन पियर में खिलाड़ियों के आवास के पास समारोह शुरू होना था, लेकिन शुरुआत में ही करीब 20 मिनट की देरी हुई। इस दौरान औपचारिक बैंड और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकार मंच पर तैयार खड़े रहे।
भारत की ओर से शेफ-डी-मिशन सहदेव यादव के साथ उप-शेफ-डी-मिशन ए. शरत कमल, लिजो डेविड थोटन, अलकनंदा अशोक और अंजली भागवत भी समारोह स्थल पर मौजूद थे। भारत के अलावा यमन, उत्तर कोरिया, फिलिस्तीन, चीनी ताइपे और तिमोर-लेस्ते के दल भी समारोह में शामिल होने वाले थे।
हालांकि, खिलाड़ियों और अधिकारियों को काफी देर तक अपनी जगह पर रुकने के लिए कहा गया। बाद में सभी दलों को वापस विश्राम स्थल पर जाने के निर्देश दिए गए।
एक वरिष्ठ आयोजन अधिकारी ने मीडिया को बताया कि देरी के लिए आयोजक खेद व्यक्त करते हैं और समारोह को जल्द दोबारा शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। देरी बढ़ने के बाद अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने इसके पीछे किसी राजनीतिक कारण की संभावना पर सवाल उठाए।
बाद में आयोजकों ने स्पष्ट किया कि मामला किसी राजनीतिक विवाद का नहीं, बल्कि ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया के कार्यकारी बोर्ड और स्थानीय आयोजन समिति के बीच समन्वय की कमी से पैदा हुई गलतफहमी का था। इसके बाद आखिरकार झंडारोहण समारोह पूरा कराया गया।






