पटियाला, 25 सितंबर, 2026 (हर्षलीन सिंह): इंजीनियर रतन कुमार मित्तल, मुख्य इंजीनियर, वितरण दक्षिण जोन, पटियाला, ने बताया कि पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पी.एस.पी.सी.एल.) द्वारा पेंशनरों और फैमिली पेंशनरों को उनके बनते वित्तीय लाभ समय पर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से पेंशन पैकेज में आवश्यक रिकॉर्ड अपडेट करने संबंधी सभी डी.डी.ओज को निर्देश जारी किए गए हैं।पी.एस.पी.सी.एल. के सी.एम.डी. श्री गुरकिरत कृपाल सिंह, आई.ए.एस., के साथ पी.एस.ई.बी. ज्वाइंट फोरम और बिजली मुलाजिम एकता मंच, पंजाब के बीच हुई बैठक के दौरान यह मामला सामने आया था कि पेंशन पैकेज में कुछ पेंशनरों की मृत्यु तिथि तथा कुछ फैमिली पेंशनरों की जन्म तिथि दर्ज न होने के कारण वृद्धावस्था भत्ते और एल.टी.सी. जैसे बनते लाभों की अदायगी में कठिनाई आ रही है।
जांच के दौरान सामने आया कि 2,109 पेंशनरों की मृत्यु तिथि और 876 फैमिली पेंशनरों की जन्म तिथि का डाटा अपडेट नहीं है। इस कारण कुछ पात्र पेंशनरों को एल.टी.सी., वृद्धावस्था भत्ते सहित अन्य बनते वित्तीय लाभ प्राप्त करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पी.एस.पी.सी.एल. के सी.एम.डी. श्री गुरकिरत कृपाल सिंह, आई.ए.एस., द्वारा सभी संबंधित डी.डी.ओज को उक्त कार्रवाई 15 दिनों के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पेंशनरों और फैमिली पेंशनरों को उनके बनते वित्तीय लाभों की अदायगी सुचारू रूप से सुनिश्चित की जा सके।
इस संबंध में 23 सितंबर, 2026 को पी.एस.पी.सी.एल. द्वारा पत्र जारी कर सभी डी.डी.ओज को निर्देश दिए गए हैं कि पेंशनरों के रिकॉर्ड की तुरंत जांच की जाए। आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर रिकॉर्ड में डाटा तुरंत अपडेट किया जाए। यदि किसी पेंशनर का कोई दस्तावेज या जानकारी अधूरी है, तो कार्यालय द्वारा स्वयं संबंधित पेंशनर से संपर्क करके आवश्यक कमी को पूरा करवाया जाए।






