पटियाला, 29 सितंबर, 2026 (बलजीत सरना): गांव बडरूखां, जिला संगरूर स्थित गुरुद्वारा शेरे पंजाब महाराजा रणजीत सिंह में देर रात कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एक लंगरी को गोली मारने का मामला सामने आया है। घायल की पहचान जसवंत सिंह पुत्र नाजर सिंह के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार करीब चार व्यक्ति गुरुद्वारा साहिब में दाखिल हुए थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने वहां सो रहे एक सेवादार के साथ पहले धक्का-मुक्की की। इस दौरान शोर सुनकर लंगरी जसवंत सिंह भी अपने कमरे से बाहर आ गए। इसी दौरान चारों में से एक व्यक्ति ने जसवंत सिंह पर गोली चला दी।

गोली उनके सीने के दाईं ओर लगी। घटनास्थल से एक और गोली का खोल बरामद होने की भी जानकारी मिली है। गंभीर रूप से घायल जसवंत सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद राजिंदरा अस्पताल, पटियाला रेफर किया गया, जहां उनका ऑपरेशन किए जाने की जानकारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात लूट के इरादे से की गई थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच सहित विभिन्न पहलुओं से मामले की तफ्तीश की जा रही है।






