वेस्टरोस की दुनिया पहली बार बड़े पर्दे पर, एगॉन टार्गेरियन की विजय की कहानी पर आधारित होगी फिल्म
लॉस एंजेलिस, 30 सितंबर, 2026 (हर्षलीन सिंह): ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ के प्रशंसकों के लिए बड़ी खबर है। HBO की मशहूर फैंटेसी फ्रेंचाइजी अब पहली बार सिनेमाघरों का रुख करने जा रही है। ‘Game of Thrones: Aegon’s Conquest’ नामक फिल्म दुनिया भर में 6 जून 2029 को रिलीज की जाएगी। फिल्म का निर्देशन ओवेन हैरिस करेंगे, जो HBO की सीरीज ‘A Knight of the Seven Kingdoms’ के कुछ एपिसोड का निर्देशन कर चुके हैं। फिल्म की पटकथा ब्यू विलिमन ने लिखी है, जो ‘House of Cards’ के निर्माता और ‘Andor’ के लेखकों में शामिल रहे हैं।
फिल्म की कहानी के बारे में अभी बहुत अधिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, माना जा रहा है कि इसका केंद्र एगॉन प्रथम टार्गेरियन होगा। एगॉन ने टार्गेरियन राजवंश की नींव रखी थी और मूल ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ की घटनाओं से कई सदियों पहले वेस्टरोस के बड़े हिस्से को अपने अधीन कर लिया था।
एगॉन को वेस्टरोस के विभिन्न राज्यों को एक ताज के नीचे लाने वाले पहले टार्गेरियन शासक के रूप में दर्शाया जाता है। उसने अपने पराजित दुश्मनों की तलवारों को पिघलाकर आयरन थ्रोन तैयार करवाया था। उसकी विजय और टार्गेरियन राजवंश के शुरुआती दौर का विवरण जॉर्ज आर. आर. मार्टिन की किताब ‘Fire & Blood’ में मिलता है।
एगॉन का किरदार अभी तक किसी स्क्रीन प्रोडक्शन में नहीं दिखाया गया है और फिल्म में उसकी भूमिका कौन निभाएगा, इस बारे में भी घोषणा नहीं हुई है। जॉर्ज आर. आर. मार्टिन की ‘A Song of Ice and Fire’ उपन्यास श्रृंखला पर आधारित ‘Game of Thrones’ का प्रसारण HBO पर 2011 से 2019 तक हुआ था। इस सीरीज ने दुनियाभर में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की और इसमें पीटर डिंकलेज, लीना हेडी, किट हैरिंगटन, एमिलिया क्लार्क, मैसी विलियम्स और सोफी टर्नर सहित कई कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं।
इस फ्रेंचाइजी के विस्तार में टार्गेरियन परिवार केंद्र में रहा है। ‘House of the Dragon’ मूल सीरीज से लगभग 200 साल पहले की घटनाओं को दर्शाती है और टार्गेरियन घराने के भीतर हुए गृहयुद्ध पर केंद्रित है। इसमें मैट स्मिथ, एमा डी’आर्सी और ओलिविया कुक ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। इसका तीसरा सीजन 2026 में प्रसारित हुआ और इसे चौथे सीजन के लिए भी नवीनीकृत किया गया है।
इसी बीच ‘A Knight of the Seven Kingdoms’ मार्टिन की ‘Tales of Dunk and Egg’ कहानियों पर आधारित है। यह कहानी ‘Game of Thrones’ से लगभग 100 साल पहले के समय में सेट है और सर डंकन द टॉल तथा उसके युवा साथी एग की यात्राओं पर केंद्रित है। सीरीज को दूसरे सीजन के लिए भी नवीनीकृत किया गया है।






