पटियाला, 1 अक्टूबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): डिप्टी कमिश्नर पटियाला डॉ. हिमांशु अग्रवाल के दिशा-निर्देशों और अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) पटियाला अनुप्रीता जौहल द्वारा गठित कृषि विभाग की टीम ने न्यू गोयल इंसैक्टीसाइड्स, कुलारां के खिलाफ हरियाणा में दर्ज एफआईआर के आधार पर इंसैक्टीसाइड एक्ट-1968 और इंसैक्टीसाइड रूल्स-1971 के तहत कार्रवाई करते हुए दुकान को सील कर दिया।
मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. दारा सिंह ने बताया कि अजय कुमार के खिलाफ नकली दवाइयां बेचने के संबंध में हरियाणा में एफआईआर दर्ज हुई थी। इसके तहत 29 सितंबर 2026 को कृषि विभाग की टीम, जिसमें ब्लॉक कृषि अधिकारी डॉ. सतीश कुमार, कृषि विकास अधिकारी डॉ. विजय कुमार, डॉ. अमनप्रीत सिंह संधू और डॉ. रस्पिंदर सिंह शामिल थे, ने संयुक्त रूप से दुकान पर छापा मारा।
उन्होंने बताया कि मौके पर दुकानदार मौजूद नहीं था, जिसके चलते इंसैक्टीसाइड इंस्पेक्टर डॉ. विजय कुमार ने दुकान को सील कर दिया। इस छापेमारी के दौरान संजैटा कंपनी के प्रतिनिधि प्रेम शर्मा भी मौके पर मौजूद थे।
डॉ. दारा सिंह के अनुसार, दुकान मालिक द्वारा दुकान खोलने के बाद वहां मौजूद दवाइयों के सैंपल लिए जाएंगे और इंसैक्टीसाइड एक्ट-1968 के तहत आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।






