Sunday, October 11, 2026
HomeHaryanaदरियापुर के जलघर में मनाया जल अर्पण दिवस, जलवीरों को किया सम्मानित

दरियापुर के जलघर में मनाया जल अर्पण दिवस, जलवीरों को किया सम्मानित

फतेहाबाद,02 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा):   गांव दरियापुर के जलघर में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, फतेहाबाद की ओर से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जल अर्पण दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए पानी की प्रत्येक बूंद बचाने और भावी पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने कहा कि जल जीवन का आधार है और इसका संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। गांवों में प्रत्येक परिवार को शुद्ध एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो, इसके साथ ही यह भी जरूरी है कि उपलब्ध पानी का सदुपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण को केवल सरकारी अभियान तक सीमित न रखकर इसे जनभागीदारी का अभियान बनाना होगा। घर, खेत और सार्वजनिक स्थानों पर पानी की अनावश्यक बर्बादी रोककर हर व्यक्ति इसमें अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।


उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा लोगों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। समाज के प्रत्येक वर्ग को पानी के महत्व को समझते हुए जल बचाने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान जल बंधन एवं जल परिक्रमा जैसी गतिविधियों के माध्यम से जल संरक्षण के प्रति सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने का आह्वान किया गया। पानी की प्रत्येक बूंद को बचाने तथा जल संरक्षण के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान देने वाले जलवीरों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर उपमंडल अभियंता सतपाल रोज, कनिष्ठ अभियंता मनदीप ओला, भाजपा जिला उपाध्यक्ष इंद्र गांवड़ी, स. जगदीप सिंह मोंगा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष बिट्टू गुर्जर, जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी सहित भाजपा परिवार के कार्यकर्ता एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments