पटियाला, 02 अक्टूबर, 2026 (बलजीत सरना): पटियाला में एक व्यक्ति को कथित तौर पर कुत्ते के पिंजरे में बंद कर उसके साथ मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ा और पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना की जानकारी देते हुए एसपी मोहित अग्रवाल ने बताया कि यह घटना पिछले सप्ताह की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान प्रिंस के रूप में हुई है, जो टिप्पर चालक बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, प्रिंस का टिप्पर रोपड़ में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसके बाद टिप्पर मालिक द्वारा कथित तौर पर प्रिंस को अगवा कर उसके साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।

एसपी मोहित अग्रवाल के अनुसार, मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में एफआईआर नंबर 211, दिनांक 1 अक्टूबर 2026 को दर्ज की गई है।
पुलिस ने मामले में धारा 140(2), 127(2), 191(3), 190, 115(2) और 351(2) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।





