वाराणसी, 2 अक्टूबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर वाराणसी में गंगा किनारे स्वच्छता अभियान और गंगा आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान शांति, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लोगों तक पहुंचाया गया। इस मौके पर गांधी जी के अहिंसा और सत्य के संदेश को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे के माध्यम से देश की एकता, सेवा और आत्मनिर्भरता की भावना को रेखांकित किया गया।
नमामि गंगे के सहयोग से फ्रंट घाट पर गंगा के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया गया। आयोजकों ने कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों को व्यवहार में लाना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता से जोड़ने के साथ-साथ गंगा और पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी था।

कार्यक्रम में युवाओं की भूमिका पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों ने स्वच्छता को सेवा से जोड़ते हुए लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। इसके बाद तिरंगे के साथ मां गंगा की आरती की गई। प्रतिभागियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीरें भी हाथों में ले रखी थीं। इस दौरान प्रकृति का संतुलन बनाए रखने, जैव विविधता की रक्षा करने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
गंगा सेवक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि महात्मा गांधी ने जीवन के लिए कई महत्वपूर्ण सिद्धांत दिए, जिनमें स्वच्छता का भी विशेष स्थान है। उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा और प्रेम का संदेश देने वाला गांधी जी का जीवन आज भी लोगों को प्रेरणा देता है।
शुक्ला ने लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी, राष्ट्रीय सेवा, एकता और आत्मनिर्भरता के संदेश को भी याद किया। उन्होंने कहा कि ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश देश की एकता और सेवा की भावना से जुड़ा हुआ है।
इस अवसर पर राजेश शुक्ला के अलावा सुभाष श्रीवास्तव, प्रमोद कुमार पांडे, लल्लन पांडे, महेंद्र तिवारी, विनोद सिंह, बालाजी मिश्रा, राम सिंह, राज कपूर, कृष्णानंद, आशीष कुमार राय और केदारनाथ त्रिपाठी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





