मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महरौली रोड स्थित जी.वी.पी. मुक्त स्थल का किया निरीक्षण, 2 से 11 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान, नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील
गुरुग्राम, 2 अक्टूबर,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा में 17 सितंबर से चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर “स्वच्छता ही सेवा 2026” के अंतर्गत नगर निगम गुरुग्राम द्वारा ‘जीवीपी मुक्त अभियान’ की शुरुआत गुरुग्राम से की गई। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने महरौली रोड पर डीएचबीवीएन कॉलोनी के पास नगर निगम गुरुग्राम द्वारा विकसित किए गए जीवीपी मुक्त स्थल का निरीक्षण कर अभियान की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने दिया स्वच्छता में जनभागीदारी का संदेश
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपने संदेश में स्वच्छता को केवल सरकारी व्यवस्था तक सीमित न रखते हुए नागरिकों की भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार व्यवस्था और सुविधाएं उपलब्ध करा सकती है तथा आधुनिक तकनीक और संसाधनों का इस्तेमाल कर सकती है, लेकिन घरों और संस्थानों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने सरकारी व्यवस्था, आधुनिक तकनीक और जनता की भागीदारी को स्वच्छता अभियान के तीन महत्वपूर्ण पहलू बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से एक व्यापक नागरिक अभियान का रूप देना है।
कचरा अलग-अलग रखें, खुले में न फेंकें
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि खुले में कचरा न फेंकें, घर में कचरे को अलग-अलग रखें और केवल अधिकृत कचरा वाहन को ही कचरा दें। जीवीपी मुक्त अभियान का उद्देश्य केवल एक बार सफाई करना नहीं है, बल्कि चिन्हित स्थानों पर दोबारा कचरा जमा न हो, इसके लिए नागरिकों में जिम्मेदार व्यवहार को बढ़ावा देना भी है।
10 दिन, 21 कचरा संवेदनशील बिंदु और एक स्वच्छ गुरुग्राम
नगर निगम द्वारा शुरू किया गया जीवीपी मुक्त अभियान 2 से 11 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के तहत शहर के चिन्हित 21 गारबेज वल्नरेबल पॉइंट्स (जीवीपी) पर विशेष सफाई अभियान चलाकर उन्हें स्वच्छ और बेहतर सार्वजनिक स्थलों में बदलने का कार्य किया जाएगा। अभियान का संदेश “10 दिन – 21 कचरा बिंदु – एक गुरुग्राम” है।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों को भी अभियान से जुड़ने और अपने क्षेत्र के जीवीपी को साफ रखने में श्रमदान एवं सहयोग करने का आह्वान किया।
विभिन्न क्षेत्रों में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
अभियान कार्यक्रम के अनुसार 2 अक्टूबर को डीएचबीवीएन कॉलोनी के पास और सरहौल में अभियान की शुरुआत की गई। इसके बाद 3 अक्टूबर को टिकरी और सेक्टर-18, 4 अक्टूबर को अर्बाना मॉल और सुभाष चौक, 5 अक्टूबर को पेस सिटी-1 और गौशाला मैदान, जबकि 6 अक्टूबर को पेस सिटी और सिंघा चौक में विशेष सफाई गतिविधियां प्रस्तावित हैं।
इसी प्रकार 7 से 11 अक्टूबर तक कृष्णा कॉलोनी, मेगापोलिस मॉल के पास, इंडियन गैस के पास, घाटा, बंजारा मार्केट, सेक्टर-37, मोहम्मद हेड़ी रोड, दौलताबाद रोड, सेक्टर-39 और उल्लावास सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर अभियान चलाया जाएगा।
“कचरा बिंदु को सुंदर बिंदु बनाने में सहयोग करें”
नगर निगम गुरुग्राम की ओर से आरडब्ल्यूए, दुकानदारों, स्कूलों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है। नागरिक अपने क्षेत्र में आयोजित अभियान में पहुंचकर श्रमदान करें और स्वच्छता के संदेश को आगे बढ़ाने में सहयोग करें।
अभियान का मूल संदेश कचरा बिंदु को सुंदर बिंदु बनाना और स्वच्छता को नागरिकों की आदत का हिस्सा बनाना है।
कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से स्वच्छता बनाए रखने और कचरे को अलग-अलग रखने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री के साथ मौजूद सभी लोगों ने स्वच्छता की शपथ भी ली।





