फतेहगढ़ साहिब, 3 अक्टूबर,2026 (छत्रपाल सिंह): मुख्य कृषि अधिकारी जगदेव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब सरकार द्वारा धान की पराली के उचित प्रबंधन में सहायक कृषि मशीनरी पर सब्सिडी उपलब्ध करवाई जा रही है। अब तक जिले में किसानों द्वारा लगभग 400 मशीनों की खरीद की जा चुकी है।
अनुसूचित जाति के व्यक्तिगत किसानों के लिए कृषि विभाग द्वारा ऑनलाइन पोर्टल दोबारा खोल दिया गया है। किसान अपने आवेदन ऑनलाइन माध्यम से विभाग के पोर्टल agrimachinerypb.com पर जमा कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी अनुसूचित जाति से संबंधित किसान धान की पराली के उचित प्रबंधन के लिए बेलर, रेक, हैप्पी सीडर, स्मार्ट सीडर, सुपर सीडर, जीरो टिल ड्रिल, उलटावां हल, मल्चर, क्रॉप रीपर, श्रब मास्टर/रोटरी स्लेशर और कंबाइन पर लगने वाले सुपर एस.एम.एस. सहित विभिन्न मशीनों की खरीद पर अधिकतम 50 प्रतिशत सब्सिडी प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन भरते समय किसान के पास आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र आदि की स्कैन की हुई प्रतियां होना अनिवार्य है। प्रत्येक किसान की सब्सिडी केवल आधार से लिंक बैंक खाते में ही जमा की जाएगी।
उन्होंने सभी आवेदकों से कहा कि आवेदन करने के बाद अपने किसी एक बैंक खाते में डीबीटी सब्सिडी प्राप्त करने के लिए आधार सीडिंग अवश्य करवा लें।
उन्होंने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद “पहले आओ, पहले पाओ” प्रणाली के तहत योग्य आवेदकों को पोर्टल के माध्यम से मंजूरी पत्र जारी किए जाएंगे। इसके बाद किसान निर्धारित समय के भीतर विभाग द्वारा अनुमोदित किसी भी मशीनरी निर्माता या डीलर से मशीन की खरीद कर सकेंगे।





