कुरुक्षेत्र, 5 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। बिना किसी भेदभाव के समाज के हर व्यक्ति का विकास करने के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। इन योजनाओं का फायदा अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार दिन-रात मेहनत कर रही है और इसका फायदा आमजन को मिल रहा है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी सोमवार को स्थानीय वाल्मीकि आश्रम में ग्रामीण सफाई कर्मचारी राष्ट्रीय कामगार संघ हरियाणा एवं ग्रामीण सफाई कर्मचारी वेलफेयर सोसायटी द्वारा आयोजित धन्यवाद सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने आश्रम में स्थित बाबा साहब डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माला अर्पित कर उन्हे नमन किया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की 18 मांगों में से 17 मांगे पूरी कर दी गई है। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों का मानदेय 18100 रुपए कर दिया गया है तथा वर्दी भत्ता 6 हजार रुपए और धुलाई भत्ता 1500 रुपए प्रतिवर्ष कर दिया गया है। ड्यूटी के दौरान अगर किसी सफाई कर्मचारी की मृत्यु हो जाती है, तो अनुकंपा के आधार पर परिवार के एक सदस्य को नौकरी भी दी जाएगी। प्रदेश सरकार हर समय सुख-दु:ख में कर्मचारियों के साथ खड़ी है। इसके अलावा सफाई कर्मचारियों को आयुष्मान योजना सहित संबंधित योजनाओं का भी लाभ दिया जा रहा है।
हरियाणा भूमि सुधार निगम के चेयरमैन गुरनाम सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं बनाई जा रही है और उनका लाभ आमजन को मिल रहा है। हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन ईश्वर सिंह पलाका ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की सभी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। आयोग के उपाध्यक्ष भारत भूषण टाक ने कहा कि सरकार ने ग्रामीण सफाई कर्मचारियों का मासिक मानदेय बढ़ाने के साथ-साथ अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही है। आयोग की सदस्य रेखा वाल्मीकि ने भी धन्यवाद सम्मेलन को संबोधित किया। इस मौके पर श्याम लाल जांगड़ा, राजेंद्र बेरथली, जिला कार्यकारिणी सदस्य राजेश बाबैन, प्रोफेसर सुशील वैद्य, विशाल सौदा, रिंकू कुमार, सुखबीर, कर्मबीर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।





