सुनाम, 6 अक्टूबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने आज सुनाम की अनाज मंडी में धान की खरीद की औपचारिक शुरुआत करवाई और खरीद सीजन के लिए किए गए प्रबंधों का विस्तार से जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने आढ़तियों, खरीद एजेंसियों के अधिकारियों, मार्केट कमेटी के अधिकारियों, शैलर मालिकों, ट्रांसपोर्टरों और मजदूर यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर खरीद प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार धान की सुचारू खरीद सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल की खरीद से लेकर मंडी से उठान तक पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से चलाने के लिए संबंधित विभागों और खरीद एजेंसियों के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जा रहा है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री अमन अरोड़ा ने बताया कि हर खरीद सीजन की तरह इस बार भी फसल की आमद से पहले संबंधित पक्षों के साथ बैठकें कर आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा की गई है। उन्होंने कहा कि किसान, आढ़ती, शैलर मालिक, ट्रांसपोर्टर और मजदूर खरीद प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाते हैं और सरकार का प्रयास है कि सीजन के दौरान किसी भी पक्ष को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बारदाने की उपलब्धता के संबंध में कैबिनेट मंत्री ने बताया कि खरीद एजेंसियों के अधिकारियों और इंस्पेक्टरों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बारदाने के शत-प्रतिशत प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं और फिलहाल बारदाने की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे फसल की आमद बढ़ेगी, जरूरतों की लगातार समीक्षा की जाएगी, ताकि खरीद का काम निर्बाध रूप से जारी रहे।
भंडारण के लिए जगह और अनाज की ढुलाई के लिए रेलवे की विशेष मालगाड़ियों की उपलब्धता संबंधी सवाल के जवाब में श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि यह मामला केंद्र सरकार से संबंधित है और पंजाब सरकार की ओर से इसे गंभीरता से केंद्र के समक्ष उठाया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले समय में जरूरत के अनुसार विशेष मालगाड़ियां उपलब्ध न होने के कारण भंडारण के लिए जगह की समस्या सामने आई थी। इसके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले दिनों संबंधित मंत्रियों, मुख्य सचिव और विभिन्न जिलों के उपायुक्तों के साथ करीब डेढ़ से दो घंटे चली वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई और आवश्यक भंडारण स्थान उपलब्ध करवाने के संबंध में निर्देश दिए गए। कैबिनेट मंत्री ने उम्मीद जताई कि अगले सात से दस दिनों में उठान और भंडारण से संबंधित व्यवस्थाएं और अधिक सुचारू हो जाएंगी।

श्री अमन अरोड़ा ने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित नमी की सीमा के अनुसार सूखा धान ही मंडियों में लेकर आएं। उन्होंने कहा कि अधिक नमी वाली फसल लाने से खरीद में देरी होती है और किसानों को मंडियों में अतिरिक्त समय बिताना पड़ता है। खरीद मानकों के अनुरूप फसल लाने से खरीद प्रक्रिया जल्द पूरी हो सकती है और किसान अनावश्यक परेशानी से बच सकते हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि किसानों की सुविधा और समय की बचत को ध्यान में रखते हुए खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से आपसी सहयोग और समन्वय के साथ काम करने की अपील की, ताकि धान खरीद सीजन को व्यवस्थित ढंग से पूरा किया जा सके।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी सुनाम के चेयरमैन श्री मुकेश जुनेजा, विभिन्न खरीद एजेंसियों के अधिकारी, मार्केट कमेटी के अधिकारी, आढ़ती एसोसिएशन के नेता, शैलर मालिक, ट्रांसपोर्टर और मजदूर यूनियनों के प्रतिनिधि तथा स्थानीय पार्टी नेता उपस्थित रहे।





