Sunday, October 11, 2026
HomeHaryanaसही अवसर मिलने पर विशेष जरूरतों वाले बच्चे चुनौतियों को अपनी ताकत...

सही अवसर मिलने पर विशेष जरूरतों वाले बच्चे चुनौतियों को अपनी ताकत में बदल सकते हैं: के.एम. पांडुरंग

पंचकूला ,6 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री के.एम. पांडुरंग ने कहा कि विशेष जरूरतों वाले बच्चों की प्रतिभा को किसी सीमा में नहीं बांधा जा सकता। उनकी शारीरिक चुनौती उनकी क्षमता की अंतिम पहचान नहीं होती। यदि उन्हें सही अवसर, प्रशिक्षण, उपचार, प्यार और विश्वास मिले, तो वे अपने परिवार और समाज के लिए प्रेरणा बन सकते हैं।

श्री पांडुरंग आज माता मनसा देवी गौधाम में पंचकूला गौशाला ट्रस्ट की 13वीं तथा ‘कलाम एक्सप्रेस’ की तीसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि सरकार और सामाजिक संस्थाओं की ओर से विशेष जरूरतों वाले बच्चों के शैक्षणिक और सामाजिक उत्थान के लिए ‘कलाम एक्सप्रेस’ सहित कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। हालांकि इस दिशा में संस्थागत स्तर पर और अधिक प्रयास करने की आवश्यकता है, ताकि ऐसे बच्चों के जीवन में शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास की रोशनी पहुंचाई जा सके। उन्होंने विशेष जरूरतों वाले बच्चों के लिए अपनी ओर से तथा सरकार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने का भरोसा दिलाया।

पंचकूला में विशेष बच्चों के लिए सभी सुविधाओं से सुसज्जित संस्थान विकसित किया जाए

श्री पांडुरंग ने कहा कि पंचकूला में विशेष जरूरतों वाले बच्चों के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित एक ऐसा संस्थान विकसित किया जाना चाहिए, जहां देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा सके। ऐसा संस्थान बच्चों को बेहतर अवसर देने के साथ-साथ उनके माता-पिता के लिए भी महत्वपूर्ण सहारा बन सकता है।

उन्होंने कहा कि एक ओर गौ माता की सेवा और सुरक्षा के लिए समर्पित पंचकूला गौशाला ट्रस्ट अपनी 13वीं वर्षगांठ मना रहा है, वहीं दूसरी ओर विशेष जरूरतों वाले बच्चों के जीवन में शिक्षा, उपचार और आत्मविश्वास की रोशनी पहुंचाने वाली ‘कलाम एक्सप्रेस’ अपनी तीसरी वर्षगांठ पूरी कर रही है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता करुणा, पालन-पोषण और सह-अस्तित्व की प्रतीक रही है। गौ सेवा केवल गौवंश की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उस संवेदना को जीवित रखने का माध्यम है, जो हमें प्रत्येक जीव के प्रति दया और जिम्मेदारी की भावना सिखाती है। यह गर्व की बात है कि पंचकूला गौशाला ट्रस्ट पिछले 13 वर्षों से इसी भावना को अपने कार्यों के माध्यम से आगे बढ़ा रहा है।

बच्चों तक शिक्षा पहुंचा रही ‘कलाम एक्सप्रेस’

श्री पांडुरंग ने ‘कलाम एक्सप्रेस’ पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह उन बच्चों तक शिक्षा, विशेष प्रशिक्षण और फिजियोथेरेपी पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है, जो अपनी शारीरिक परिस्थितियों के कारण सामान्य स्कूलों तक नहीं पहुंच पाते। इसे ‘स्कूल ऑन व्हील्स’ की अवधारणा के तहत विकसित किया गया है, ताकि शिक्षा स्वयं बच्चों तक पहुंच सके।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में शुरू की गई इस पहल को श्री धन्वंतरि आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल का सहयोग मिला। इसके अलावा भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, पंचकूला ने भी इसे आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने इस पहल से जुड़े डॉक्टरों, विशेषज्ञों, रेड क्रॉस सोसायटी, सर्व शिक्षा अभियान से जुड़े शिक्षकों, फिजियोथेरेपिस्टों, स्वयंसेवकों और सभी सहयोगियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इन सभी के संयुक्त प्रयासों से विशेष शिक्षा और फिजियोथेरेपी के माध्यम से कई बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम में विशेष जरूरतों वाले स्कूली बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। श्री पांडुरंग ने बच्चों की प्रतिभा और प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि मंच पर इस प्रकार की प्रस्तुति उनके आत्मविश्वास को दर्शाती है।

उन्होंने बच्चों को स्कूल बैग देकर सम्मानित किया। इसके अलावा 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों, शिक्षकों और फिजियोथेरेपिस्टों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के बाद आयुक्त एवं सचिव श्री के.एम. पांडुरंग ने गौशाला में गौ सेवा की और गौ माता को गुड़ तथा हरा चारा खिलाया।

इस अवसर पर पंचकूला गौशाला ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री कुलभूषण गोयल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अजय मित्तल, जिला महामंत्री श्री जय कौशिक, डीईईओ सुमन चौधरी, डीईईओ रमेश बत्रा, भाजपा मीडिया संपर्क प्रमुख प्रवीण अत्रे, ट्रस्ट सदस्य श्री दीपक बंसल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, शिक्षक, विद्यार्थी और उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments