हरियाणा, 6 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा सरकार ने संघ लोक सेवा आयोग (यू.पी.एस.सी.) द्वारा वर्ष 2027 के लिए जारी वार्षिक परीक्षा एवं भर्ती परीक्षा कार्यक्रम को लेकर सभी उपायुक्तों (डी.सी.) को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने सभी उपायुक्तों कोयू.पी.एस.सी. के वार्षिक कार्यक्रम से अवगत करवाते हुए आयोग की परीक्षाओं एवं भर्ती परीक्षाओं के लिए आवश्यक प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध करवाने को कहा है।
राज्य सरकार ने हरियाणा लोक सेवा आयोग (एच.पी.एस.सी.) और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एच.एस.एस.सी.) को भी यू.पी.एस.सी. के वर्ष 2027 के परीक्षा कार्यक्रम को गंभीरता से ध्यान में रखने के निर्देश दिए हैं। दोनों आयोगों को अपने स्तर पर वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली परीक्षाओं की तारीखें निर्धारित करते समय यू.पी.एस.सी. के कार्यक्रम को ध्यान में रखने के लिए कहा गया है, ताकि यू.पी.एस.सी. और राज्य की प्रमुख भर्ती परीक्षाओं की तारीखों में अनावश्यक टकराव न हो।
इससे उन उम्मीदवारों को सुविधा मिलेगी, जो संघ लोक सेवा आयोग और हरियाणा सरकार की भर्ती परीक्षाओं में समान रूप से भाग लेते हैं।
23 मई को होगी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा
यू.पी.एस.सी. के वार्षिक कार्यक्रम के अनुसार सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2027 का आयोजन 23 मई 2027 को किया जाएगा। इसके लिए अधिसूचना 13 जनवरी 2027 को जारी होगी, जबकि आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 2 फरवरी 2027 निर्धारित की गई है। इसी दिन भारतीय वन सेवा की प्रारंभिक परीक्षा भी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के माध्यम से आयोजित की जाएगी।
इंजीनियरिंग सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2027 का आयोजन 31 जनवरी 2027 को होगा, जबकि इसकी मुख्य परीक्षा 18 जून 2027 को आयोजित की जाएगी।
संयुक्त भू-वैज्ञानिक प्रारंभिक परीक्षा 10 जनवरी को होगी, जबकि मुख्य परीक्षा 19 जून 2027 से दो दिनों तक आयोजित की जाएगी। भारतीय आर्थिक सेवा/भारतीय सांख्यिकी सेवा परीक्षा 18 जून 2027 से शुरू होकर तीन दिनों तक चलेगी।
एन.डी.ए. और सी.डी.एस. परीक्षा 11 अप्रैल को
राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एन.डी.ए.) और नौसेना अकादमी परीक्षा तथा संयुक्त रक्षा सेवा (सी.डी.ए.) परीक्षा का पहला चरण 11 अप्रैल 2027 को आयोजित किया जाएगा। इन दोनों परीक्षाओं का दूसरा चरण 19 सितंबर 2027 को होगा। वहीं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल सहायक कमांडेंट परीक्षा 4 जुलाई और संयुक्त चिकित्सा सेवा परीक्षा 18 जुलाई 2027 को आयोजित की जाएगी। भारतीय वन सेवा मुख्य परीक्षा 21 नवंबर 2027 से शुरू होगी और सात दिनों तक चलेगी। यू.पी.एस.सी. ने वर्ष के दौरान अन्य भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी अलग-अलग तारीखें निर्धारित की हैं।
परीक्षा केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
इसी कड़ी में सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि राज्य में यू.पी.एस.सी. परीक्षाओं के आयोजन के दौरान परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक प्रशासनिक एवं लॉजिस्टिक सहयोग सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों के साथ उचित समन्वय बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।





