चंडीगढ़, 11 अक्टूबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): दिल्ली के ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में शनिवार को प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस के जवानों के कथित तौर पर प्रवेश करने के मामले पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस घटना को सिख धार्मिक मर्यादा और गुरुद्वारा साहिब की पवित्रता से जुड़ा गंभीर मामला बताया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गुरुद्वारा साहिबान हमेशा जरूरतमंदों और मुसीबत में फंसे लोगों के लिए सहारा बनते रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रदर्शन कर रहे युवा गुरुद्वारा साहिब के अंदर शरण लेने पहुंचे थे, तो गुरु घर की मर्यादा के अनुसार सेवादारों का कर्तव्य था कि वे उन्हें आश्रय प्रदान करें।
भगवंत मान ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस के जवानों ने सिर ढके बिना और जूते पहनकर गुरुद्वारा साहिब में प्रवेश किया, जो सिख धार्मिक परंपराओं और मर्यादा के विपरीत है। उन्होंने इस कथित कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसे शर्मनाक बताया। मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सिख समुदाय इस घटना को कभी माफ नहीं करेगा। उनकी इस प्रतिक्रिया के बाद गुरुद्वारा साहिब की मर्यादा और पुलिस की कार्रवाई को लेकर राजनीतिक विवाद और तेज होने की संभावना है।






