लाडवा, 12 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): एस.डी.एम. राजेश कुमार सोनी ने कहा कि समाधान शिविर में लाडवा विधानसभा के नागरिकों की समस्याओं को बड़ी गहनता से सुना जाता है और समस्या के निदान के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। संबंधित अधिकारी के संज्ञान में लाकर तुरंत समाधान हेतु भेज दिया जाता है।
एसडीएम राजेश कुमार सोनी सोमवार को उपमंडल अधिकारी कार्यालय में आयोजित समाधान शिविर की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह शिविर सप्ताह में दो दिन सोमवार और वीरवार को लगाया जाता है। शिविर का समय सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक रखा गया है। एसडीएम राजेश कुमार सोनी ने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति को परिवार पहचान पत्र से संबंधित कोई समस्या हो, जैसे परिवार की आय ठीक करवाना, किसी का नाम कटवाना या परिवार के किसी सदस्य का नाम जुड़वाना, इसके अलावा जमीन से संबंधित समस्या, बिजली, पानी आदि से जुड़ी कोई भी समस्या हो तो उक्त आवेदन को मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारी को सौंप दिया जाता है, ताकि उस समस्या के निपटान हेतु तुरंत प्रभाव से कार्रवाई हो सके। इसके अलावा जो भी पेंशन से संबंधित केस आता है, जैसे बुढ़ापा पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन आदि, उन पर भी तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की यह एक अनोखी पहल एवं बहुत ही लाभदायक योजना है, जिसके तहत प्रदेशवासियों को अपने कार्य हेतु इधर-उधर नहीं भटकना पड़ता और एक ही छत के नीचे सभी कार्य हो जाते हैं। उन्होंने लाडवा की जनता से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान हेतु समाधान शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का निपटान करवाएं और हरियाणा सरकार की इस लाभकारी योजना का लाभ उठाएं।






