Tuesday, October 13, 2026
HomePunjabवित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल महलां का...

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल महलां का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर जताया संतोष

Punjab Finance Minister Harpal Singh Cheema conducts a surprise inspection of Government Senior Secondary School Mahlan in Dirba, reviews educational facilities and the construction of three science laboratories, and assures additional grants for school development.

दिड़बा, 13 अक्टूबर, 2026 (हरप्रीत कौर): पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज सुबह स्कूल लगने के समय सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल महलां पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से खुलकर बातचीत की और पढ़ाई, स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं तथा उनकी आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के परिणाम अब स्कूलों में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं। स्कूलों का सुधरता हुआ वातावरण शिक्षा क्रांति के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

वित्त मंत्री ने स्कूल में बनाई जा रही तीन विज्ञान प्रयोगशालाओं के निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इन प्रयोगशालाओं को जल्द तैयार करके स्कूल को सौंप दिया जाएगा और इनका उद्घाटन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विज्ञान की शिक्षा में प्रयोगात्मक ज्ञान का विशेष महत्व है। इन प्रयोगशालाओं से विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अवधारणाओं को समझने और अपने ज्ञान को व्यावहारिक रूप देने के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

स्कूल के स्टाफ के साथ बातचीत के दौरान हरपाल सिंह चीमा ने पंजाब सरकार द्वारा जारी की गई ग्रांटों और उनके उपयोग के बारे में चर्चा की। उन्होंने स्कूल की अन्य जरूरतों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की और आश्वासन दिया कि स्कूल को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त ग्रांट उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में बुनियादी ढांचे की कमी नहीं आने दी जाएगी।

स्कूल के शैक्षणिक वातावरण की सराहना करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि स्कूल में पंजाबी भाषा, विज्ञान और गणित से संबंधित लगाए गए शिक्षण सामग्री के मॉडल विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने का अच्छा प्रयास हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल में प्रवेश करते ही शिक्षा से जुड़ी सामग्री और सुव्यवस्थित वातावरण दिखाई देता है, जो मन को प्रसन्नता देता है। उन्होंने कहा कि सुविधाओं और सीखने के माहौल के मामले में सरकारी स्कूल किसी भी निजी स्कूल से कम नहीं हैं।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि आज के औचक निरीक्षण के दौरान स्कूल में हुए सुधारों को देखकर उन्हें संतोष हुआ है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को ऐसी शिक्षा प्रदान करना है, जिससे वह अपनी क्षमताओं को पहचानकर भविष्य में आगे बढ़ सके।

वित्त मंत्री ने स्कूल स्टाफ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की पढ़ाई के साथ-साथ सामान्य ज्ञान और विभिन्न क्षेत्रों में होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए भी तैयार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों में आत्मविश्वास, तार्किक सोच और सीखने की रुचि विकसित करने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

इस अवसर पर स्कूल के कार्यवाहक प्रिंसिपल परमिंदर कुमार लोंगोवाल, मैडम नवराज कौर और समस्त स्टाफ ने वित्त मंत्री का स्वागत किया तथा स्कूल के विकास के लिए पहले जारी की गई ग्रांटों के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस मौके पर वित्त मंत्री के ओएसडी तपिंदर सिंह सोही और गांव के सरपंच रविंदर सिंह मान भी उपस्थित थे।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments