चंडीगढ़, 14 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत रविदास, महर्षि वाल्मीकि और संत कबीर ने समानता, मानवता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया, जबकि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने शिक्षा, समानता और सम्मान को संवैधानिक आधार प्रदान किया। भाजपा का संगठनात्मक इतिहास भी सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा से प्रेरणा लेने और प्रदेश में चल रहे सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मंगलवार दोपहर बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय ‘पंचकमल’ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अजय खुंडिया को पदभार ग्रहण करवाया। प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संगठन में किसी भी पद की सार्थकता इस बात से तय होती है कि उस पद की जिम्मेदारी निभाने वाला व्यक्ति समाज के अंतिम व्यक्ति तक कितने प्रभावी ढंग से पहुंचता है। उन्होंने अजय खुंडिया को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में मोर्चा वंचित वर्गों की आवाज बनेगा और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना के साथ अनुसूचित जाति समाज के कल्याण और अधिकारों की रक्षा के लिए काम कर रही है। उन्होंने हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग के गठन, प्रथम और द्वितीय श्रेणी के पदों पर अनुसूचित जातियों के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण तथा सफाई कर्मचारियों के हित में उठाए गए कदमों का उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि ड्यूटी के दौरान सफाई कर्मचारियों और सीवरमैनों की मृत्यु होने पर दुर्घटना बीमा राशि को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग, गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए 71 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता और मकानों की मरम्मत के लिए वित्तीय मदद जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि अनुसूचित जाति समाज के लोगों को संगठन और संवैधानिक पदों पर अवसर देना भाजपा की समावेशी सोच को दर्शाता है। उन्होंने बाबा साहेब को भारत रत्न देने, पंच तीर्थों का विकास करने और संविधान दिवस मनाने जैसे कदमों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर अनुसूचित जाति समाज को केवल वोट बैंक समझने का आरोप लगाया। डॉ. गुप्ता ने अजय खुंडिया से मोर्चे का मंडल स्तर तक शीघ्र विस्तार करने और प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति समाज के सरपंचों, पार्षदों, जिला परिषद प्रतिनिधियों और अन्य जनप्रतिनिधियों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों से जोड़ना जरूरी है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट करने के साथ-साथ जातिगत विभाजन और आपसी भेदभाव समाप्त करने की दिशा में अजय खुंडिया और उनकी पूरी टीम काम करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में अनुसूचित जाति मोर्चा गांव, मंडी और बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत होगा। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, विधायक पवन खरखौदा, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चेयरमैन मोहन लाल बड़ौली, प्रदेश महासचिव सत्यप्रकाश जरावता, चेयरमैन बंतो कटारिया, एडवोकेट वेदपाल, सुभाष कलसाना, कैप्टन योगेश बैरागी, ईश्वर सिंह पलाका, बलदेव ग्रोहा सहित बड़ी संख्या में भाजपा के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।






