14 से 20 वर्ष की आयु की लड़कियों के लिए जीवन कौशल, डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता और शिक्षा-रोजगार के अवसरों पर रहेगा विशेष ध्यान
मुंबई, 14 अक्टूबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): रिलायंस फाउंडेशन और द एस्टी लॉडर कंपनीज चैरिटेबल फाउंडेशन ने भारत में 10 लाख लड़कियों और युवतियों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से बहुवर्षीय साझेदारी की घोषणा की है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य 14 से 20 वर्ष की आयु की लड़कियों में आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता और भविष्य के लिए आवश्यक कौशल विकसित करना है। यह कार्यक्रम शुरुआती चरण में महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में लागू किया जाएगा। भविष्य में इसे देश के अन्य हिस्सों तक विस्तार देने की योजना है। इसके तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की लड़कियों को जीवन कौशल, डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता, शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और उद्यमिता से जुड़े अवसरों के बारे में जानकारी दी जाएगी। रिलायंस फाउंडेशन की निदेशक ईशा अंबानी ने कहा कि हर लड़की को बड़े सपने देखने, नेतृत्व करने और अपने लक्ष्यों को पूरा करने के अवसर मिलने चाहिए। वहीं, एस्टी लॉडर कंपनीज के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टेफान डी ला फावेरी ने कहा कि यह साझेदारी लड़कियों को आधुनिक कार्यक्षेत्र में भाग लेने और आगे बढ़ने के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करने में मदद करेगी।
दो वर्षों के इस कार्यक्रम के तहत प्रत्यक्ष और डिजिटल माध्यमों से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके पाठ्यक्रम और अध्ययन सामग्री के विकास में गैर-लाभकारी संस्था गर्ल इफेक्ट (Girl Effect) भी सहयोग करेगी। इस पहल में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, डिजिटल साधनों का सुरक्षित उपयोग, वित्तीय जानकारी तथा शिक्षा और रोजगार से जुड़े विकल्पों पर सोच-समझकर निर्णय लेने पर जोर दिया जाएगा। रिलायंस फाउंडेशन के अनुसार, संस्था वर्ष 2010 से महिलाओं और लड़कियों के लिए शिक्षा, खेल तथा आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने वाली पहल कर रही है। दूसरी ओर, एस्टी लॉडर कंपनीज और उसका चैरिटेबल फाउंडेशन भी भारत में दो दशकों से अधिक समय से स्वास्थ्य, शिक्षा और उद्यमिता के क्षेत्रों में महिलाओं एवं लड़कियों के साथ काम कर रहे हैं।






