कुरुक्षेत्र, 15 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग, हरियाणा द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प से प्रेरित होकर, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी के नेतृत्व तथा हरियाणा सरकार में खेल एवं युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम जी के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में नशामुक्ति जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में कुरुक्षेत्र जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन को नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रमों के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशा मुक्ति का संकल्प भी दिलाया जा रहा है।

जिले के 7 ब्लॉकों में चलाया जा रहा जागरूकता अभियान
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कुरुक्षेत्र जिले के बाबैन, इस्माइलाबाद, लाडवा, पिहोवा, पिपली, शाहाबाद और थानेसर ब्लॉकों में नुक्कड़ नाटकों एवं जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना, समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ हरियाणा के निर्माण में जन भागीदारी सुनिश्चित करना है।






