चंडीगढ़, 15 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने स्वीडिश कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ गोलमेज बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्वीडन के उद्योगपतियों को हरियाणा में आकर निवेश करने का आमंत्रण दिया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेड विद स्वीडन’ के संयुक्त प्रयासों को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मई 2026 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की स्वीडन यात्रा ने दोनों देशों के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का नया स्वरूप दिया है। दोनों देशों की संयुक्त पांच वर्षीय कार्ययोजना ने आपसी सहयोग के लिए स्पष्ट दिशा निर्धारित की है। दोनों देशों ने अगले पांच वर्षों में व्यापार और निवेश सहित आर्थिक लेन-देन को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। भारत एशिया में स्वीडन का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है।
श्री सैनी ने हरियाणा की निवेश क्षमता के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि कुशल मानव संसाधन, मजबूत औद्योगिक आधार और देश के प्रमुख बाजारों से बेहतर संपर्क हरियाणा को निवेशकों की पहली पसंद बनाते हैं। हरियाणा उत्तर भारत के बड़े बाजारों तक पहुंचने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने ‘इन्वेस्ट हरियाणा सिंगल विंडो सिस्टम’ को और मजबूत किया है, जिससे निवेश की प्रक्रिया सरल और तेज हुई है।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा में स्वीडिश कंपनियों द्वारा किए गए निवेश को राज्य के प्रति उनके विश्वास का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में स्वीडिश कंपनी आइकिया का 3,500 करोड़ रुपये का एकीकृत प्रोजेक्ट हरियाणा में कंपनी के भरोसे को दर्शाता है।
झज्जर की मैट सिटी में स्वीडन की एक कंपनी अपना कार्ल गुस्ताफ निर्माण संयंत्र स्थापित कर रही है। फरीदाबाद में स्वीडिश-स्विस समूह एबीबी की वर्ष 1951 में शुरू हुई विनिर्माण इकाई आधुनिक इलेक्ट्रिक मोटरों का एक प्रमुख उत्पादन केंद्र है। इसके अलावा, स्वीडन के शिक्षा संस्थान कुनस्कैप्सकोलन का पहला भारतीय स्कूल वर्ष 2013 में गुरुग्राम में खोला गया था।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि कोई स्वीडिश कंपनी भारत में नया कारोबार शुरू करने की योजना बना रही है, तो हरियाणा सरकार उसके साथ बातचीत करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने स्वीडिश कंपनियों को ‘हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2027’ में शामिल होने और राज्य के साथ अपने सहयोग को और आगे बढ़ाने के लिए आमंत्रित किया।






