Friday, October 16, 2026
HomeHaryanaधान खरीद में तेजी लाएं अधिकारी, किसानों को न हो किसी प्रकार...

धान खरीद में तेजी लाएं अधिकारी, किसानों को न हो किसी प्रकार की परेशानी: एस.डी.एम. आकाश शर्मा

टोहाना, 16 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा):  धान खरीद सीजन के दौरान किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने और मंडी में फसल खरीद से लेकर उठान तक की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से एसडीएम आकाश शर्मा ने रतिया रोड स्थित अतिरिक्त अनाज मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की फसल की नियमानुसार खरीद सुनिश्चित की जाए और गेट पास जारी करने, फसल उठान तथा भुगतान संबंधी कार्यों में तेजी लाते हुए किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न आने दी जाए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मंडी में धान की आवक, फसल की गुणवत्ता जांच, गेट पास जारी करने और खरीदी गई फसल के उठान की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेट पास जारी करने की प्रक्रिया निर्धारित समय पर पूरी की जाए, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया से जुड़े सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।

एसडीएम आकाश शर्मा ने खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी गई धान की फसल का उठान प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से करवाया जाए। उठान में देरी के कारण मंडी में फसल के भंडारण और नई आवक के लिए जगह की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खरीद, उठान और भुगतान से संबंधित कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा किसानों को उनकी फसल का भुगतान समय पर करवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।

उन्होंने निरीक्षण के दौरान किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर खरीद प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली और उनकी समस्याओं को सुना। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में खरीद के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए खरीद प्रक्रिया को निर्बाध बनाए रखें, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

एसडीएम ने मंडी में किसानों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीने के पानी, शौचालय और साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मंडी में स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि किसानों को फसल बिक्री के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments