रोहतक, 18 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद पूरे राज्य में फसल खरीद प्रबंधों की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी किसान को अपनी फसल बेचने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। मंडियों में खरीद, उठान (लिफ्टिंग) और भुगतान के प्रबंधों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल खरीद में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री शनिवार को रोहतक की अनाज मंडी में फसल खरीद प्रबंधों का जायजा लेने पहुंचे थे और इस दौरान वे पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल के दौरान किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए दो से तीन महीनों तक मंडियों में इंतजार करना पड़ता था। आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में खरीद प्रबंध में तेजी लाई गई है। अब 15 दिनों में खरीद पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को किसानों की चिंता करने के बजाय सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी करने की आदत पड़ गई है। सरकार की प्राथमिकता किसान की फसल का समय पर उचित मूल्य दिलाना और मंडियों से उसका जल्द उठान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास सरकार को घेरने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए कभी फसल खरीद और कभी एस.आई.आर. (SIR) को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने हरियाणा सरकार के दो साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राज्य वासियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों, गरीबों, युवाओं और हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास और जन-कल्याण के कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
मंत्री ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है तो उसे यही चुनाव आयोग पूरी तरह निष्पक्ष नजर आता है, लेकिन हारते ही चुनाव आयोग पर धांधली के आरोप लगाने शुरू कर दिए जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में विपक्ष योजनाबद्ध तरीके से अराजकता का माहौल पैदा करना चाहता है। कांग्रेस अपनी चुनाव हार की जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष रणबीर सिंह ढाका, उपमंडल अधिकारी आशीष कुमार, चेयरमैन हरीश कौशिक, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल, हरिओम भाली, अधिकारी और किसान उपस्थित थे।






