चंडीगढ़, 18 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा में जनता के विश्वास की ताकत, सुशासन के संकल्प और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता के साथ राज्य सरकार ने अपने लगातार तीसरे कार्यकाल के दो साल पूरे कर लिए हैं। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इस अवसर पर प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ सरकार को सेवा की जिम्मेदारी सौंपी है, सरकार उसे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ निभा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी राजनीति सत्ता के लिए नहीं, बल्कि सेवा के लिए है। प्रदेश के 2 करोड़ 80 लाख नागरिकों की अपेक्षाएं हमारी प्राथमिकता हैं और हरियाणा को विकास, समान अवसरों तथा जनकल्याण के नए मुकाम तक पहुंचाना हमारा संकल्प है।
मुख्यमंत्री चंडीगढ़ में राज्य सरकार के तीसरे कार्यकाल के दो साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने इस दौरान सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका का भी विमोचन किया।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान हरियाणा को नंबर वन बताने वाले लोगों को आज प्रदेश की वास्तविक प्रगति और बदलती तस्वीर हजम नहीं हो रही है। उनके शासनकाल में हरियाणा नंबर वन तो था, लेकिन पर्ची-खर्ची, भाई-भतीजावाद, डर, भ्रष्टाचार और क्षेत्रवाद के मामले में। नौकरियों में योग्यता के बजाय सिफारिश और पर्ची-खर्ची का बोलबाला था। पाताल से लेकर आसमान तक घोटाले होते थे। ऐसे शासन ने प्रदेश के विकास को पीछे धकेला और जनता के साथ धोखा किया।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के 10 वर्षों के दौरान प्रदेश के केवल एक क्षेत्र का विकास किया गया और बाकी हरियाणा की अनदेखी की गई। उनके कार्यकाल में तीन-तीन दिन बाद गैस सिलेंडर मिलता था और इस मामले में हरियाणा नंबर वन था। झूठे वादे करने में भी प्रदेश नंबर वन था। वे 24 घंटे बिजली देने की बात करते थे, लेकिन हरियाणा में केवल 4 से 5 घंटे बिजली मिलने की स्थिति थी। यही कारण है कि जागरूक हरियाणावासियों ने बदलाव का निर्णय लेते हुए उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया।
सत्ता में रहते हुए लोगों से मिलते तक नहीं थे, आज सड़कों पर घूम रहे हैं कांग्रेसी नेता
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि आज कुछ लोग सड़कों पर घूमकर जनता के बीच जाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जब उनके हाथ में सत्ता थी, तब वे आम लोगों से मिलना तक पसंद नहीं करते थे। उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें लोगों के पसीने से बदबू आती थी। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा और जनता ने इसका जवाब दे दिया है।
‘विकसित भारत-2047’ के विजन के अनुरूप हरियाणा को देश का अग्रणी विकसित राज्य बनाने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ के विजन के अनुरूप हरियाणा को देश का अग्रणी विकसित राज्य बनाना सरकार का संकल्प है। इसी दिशा में ‘विकसित हरियाणा, विकसित भारत’ की भावना के साथ प्रत्येक नीति, योजना और निर्णय को किसान की खुशहाली, गरीबों के आर्थिक सशक्तीकरण, युवाओं के रोजगार, महिलाओं के सम्मान तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर केंद्रित किया गया है।
संकल्पों को सिद्धि में बदलने की दिशा में ठोस कदम, 217 में से 76 संकल्प दो साल में पूरे
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा मानना है कि ‘विकसित हरियाणा, विकसित भारत’ की मजबूत नींव किसान की खुशहाली, गरीबों की आर्थिक सुरक्षा, युवाओं के रोजगार, महिलाओं के सम्मान तथा बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से तैयार होती है। पिछले दो वर्षों के दौरान सरकार के प्रत्येक निर्णय और योजना के केंद्र में यही सोच रही है। हम जो कहते हैं, उसे करके भी दिखाते हैं।
इसका प्रमाण है कि सरकार ने पिछले विधानसभा चुनाव के अपने संकल्प-पत्र के 217 में से 76 संकल्प केवल दो वर्षों में पूरे कर दिए हैं। इनमें प्रमुख रूप से दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की वित्तीय सहायता देना, सभी फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद, नकली खाद, बीज और कीटनाशक बनाने तथा बेचने वालों को पांच साल की सजा देने संबंधी कानून, डंकी रूट की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए कानून, हरियाणा के प्रत्येक अग्निवीर को सरकारी नौकरी की गारंटी, सभी जिला सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में किडनी के मरीजों के लिए मुफ्त डायलिसिस सेवा, आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा, अनुबंध आधार पर कार्यरत कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा तथा हरियाणा राज्य के गठन से पहले के पट्टेदारों को जमीन का मालिकाना हक देना शामिल है।
इसके अलावा, 141 संकल्पों पर काम जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की कर्मभूमि हरियाणा रहा है और उनका प्रदेश के साथ विशेष लगाव है। इसी कारण उन्होंने राज्य के अपने 18 दौरों के दौरान 86 हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं की सौगात दी है। पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हरियाणा को सात लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली है।
एच.सी.एस. परीक्षा के परिणाम ने व्यवस्था में बदलाव दिखाया, युवाओं का ध्यान अब पढ़ाई पर
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पहले युवाओं को नौकरी पाने के लिए नेताओं के चक्कर लगाने पड़ते थे। उनका समय पढ़ाई करने के बजाय सिफारिश के लिए चक्कर लगाने में बीतता था। आज युवा अपना पूरा ध्यान पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर लगा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एचसीएस परीक्षा के परिणाम ने साबित कर दिया है कि अब युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार अब तक 46,500 युवाओं को नौकरियां दे चुकी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता भी जानते हैं कि उनके द्वारा खड़ी की गई व्यवस्थाओं के बावजूद सरकार ने बिना पर्ची-खर्ची के नौकरियां दी हैं।
पंजाब में नशे को लेकर किए गए वादों का क्या हुआ? आम आदमी पार्टी की सरकार दे जवाब
पंजाब में नशे की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री ने वहां की सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता से तीन से छह महीने में नशा कम करने का वादा किया गया था। उन्होंने पूछा कि उस वादे के अब तक क्या परिणाम सामने आए हैं।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने काम करने का समय गंवा दिया है और आज लोग डर के कारण नशे के खिलाफ शिकायत करने से भी बचते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को जनता से किए गए वादों का जवाब देना चाहिए।
बिना थके, बिना रुके देश के लिए काम कर रहे हैं प्रधानमंत्री मोदी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी बिना थके, बिना रुके और बिना छुट्टी लिए देश को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उनकी कार्यशैली जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यों के कारण देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों में रहने वाले भारतीयों की अपेक्षाएं बढ़ी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने स्वीडन दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भी लोग ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाते हैं और भारत में काम करने तथा निवेश करने के लिए उत्सुक हैं। मुख्यमंत्री ने इसे प्रधानमंत्री की नीतियों का परिणाम बताया।
उन्होंने कांग्रेस नेता श्री राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री की नीतियों और उनके प्रभाव की समझ नहीं है।
इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल, आयुक्त एवं सचिव श्री अशोक मीणा, आयुक्त एवं सचिव श्री के. मकरंद पांडुरंग, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार श्री राजीव जेटली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।






