फतेहगढ़ साहिब, 21 अक्टूबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जिले के पोलिंग स्टेशनों के युक्तिकरण के बाद फतेहगढ़ साहिब जिले में 2 नए पोलिंग स्टेशन बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। यह जानकारी जिला चुनाव अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर डॉ. सोना थिंद ने जिला प्रशासनिक परिसर में पोलिंग स्टेशनों के युक्तिकरण को लेकर राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि युक्तिकरण के लिए एक पोलिंग स्टेशन पर मतदाताओं की अधिकतम संख्या 1,200 निर्धारित की गई है। हालांकि, जिले में ऐसा कोई भी पोलिंग बूथ नहीं है, जहां मतदाताओं की संख्या 1,200 से अधिक हो। फिर भी मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विधानसभा क्षेत्र 54-बस्सी पठाना (आरक्षित) में 2 नए बूथ बनाने का प्रस्ताव है। ये बूथ सरकारी एलीमेंट्री स्कूल, बदेश खुर्द और सरकारी मिडिल स्कूल, ध्यानू माजरा में बनाए जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में कुल 573 पोलिंग स्टेशन हैं। दो नए पोलिंग स्टेशन बनने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 575 हो जाएगी। इनमें विधानसभा क्षेत्र 054-बस्सी पठाना में 185 पोलिंग स्टेशन होंगे, जबकि विधानसभा क्षेत्र 55-फतेहगढ़ साहिब में 214 और विधानसभा क्षेत्र 56-अमलोह में 176 पोलिंग स्टेशन हैं। इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव पंजीकरण अधिकारियों की ओर से कोई प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है।
बैठक में इंडियन नेशनल कांग्रेस की ओर से अशोक गौतम, शिरोमणि अकाली दल से मनजीत सिंह, बहुजन समाज पार्टी से मोहन सिंह भट्टमाजरा, सुखविंदर सिंह और हरिश अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।






