दीवाली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, लैब रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
श्री मुक्तसर साहिब, 22 अक्टूबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब में स्वास्थ्य विभाग ने मिलावट की आशंका के चलते मिठाई बनाने वाली एक जगह पर जांच की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी गगनदीप कौर के अनुसार, गोनियाणा रोड पर एक घर में बड़े पैमाने पर मिठाइयां तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मिठाइयों के सैंपल लिए।
अधिकारी ने बताया कि लिए गए सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मिठाइयों की गुणवत्ता और उनमें मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों की जांच तेज
दीवाली के नजदीक आने के साथ मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए समय-समय पर सैंपल लिए जाते हैं।
गगनदीप कौर ने कहा कि विभाग मिलावट की शिकायतों और सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करता है। गोनियाणा रोड पर की गई जांच भी इसी अभियान का हिस्सा है।
फिलहाल, इस मामले में मिठाइयों में मिलावट की पुष्टि नहीं हुई है। अंतिम निष्कर्ष प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।






