संगरूर/भवानीगढ़, 25 अक्टूबर 2026 (छत्रपाल सिंह): विधानसभा हलका संगरूर से विधायक नरिंदर कौर भराज ने ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना के तहत गांव काकड़ा के 512, जौलियां के 78, कलौदी के 157, देह कलां के 131 और रूपाहेड़ी के 124 निवासियों को मालिकाना हक के प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने लाभार्थी परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि अपने घर के मालिकाना दस्तावेज प्राप्त करना हर परिवार के लिए संतोष और खुशी का पल है।
विधायक नरिंदर कौर भराज ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने और सरकारी सेवाओं का लाभ उन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना गांवों में लाल लकीर के भीतर रहने वाले लोगों को उनके घरों के मालिकाना हक से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि कई परिवार पीढ़ियों से अपने घरों में रह रहे हैं, लेकिन मालिकाना हक से संबंधित दस्तावेजों की कमी के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस योजना के तहत मालिकाना हक के प्रमाण पत्र मिलने से ऐसे परिवारों को अपनी आवासीय संपत्ति के स्वामित्व का दस्तावेजी आधार मिलता है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक इस योजना का लाभ पहुंचे।

नरिंदर कौर भराज ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के तहत लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और लोगों को प्रक्रिया के संबंध में सही जानकारी तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने पंचायतों से भी अपील की कि पात्र परिवारों की पहचान करने और उन तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन के साथ सहयोग करें।
विधायक ने कहा कि विधानसभा हलका संगरूर के गांवों का सर्वांगीण विकास और लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करवाने के लिए प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
इस अवसर पर संबंधित गांवों की सभी पंचायतों के प्रतिनिधि, काकड़ा के सरपंच मेजर छठा, मनदीप रूपाहेड़ी, दर्शन काकड़ा, राशि छन्ना, हरप्रीत सरपंच, भूपिंदर काकड़ा तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






