सिडनी, 26 अक्टूबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): ऑस्ट्रेलिया के सबसे महंगे शहरों में शामिल सिडनी में टाउन हॉल के सामने 150 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर की लागत से भव्य सार्वजनिक चौक बनाने की योजना विवादों में घिर गई है। लॉर्ड मेयर क्लोवर मूर की इस योजना के तहत करीब 4,500 वर्ग मीटर क्षेत्र में चौक विकसित किया जाएगा। परियोजना में सात इमारतों को गिराने, फव्वारे, बैठने की सुविधाएं और 30 से अधिक पेड़ लगाने का प्रस्ताव है। इसे 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
वहीं, शहर में बढ़ती बेघर लोगों की समस्या के बीच इस खर्च पर सवाल उठ रहे हैं। जरूरतमंदों की सेवा में 50 साल से जुटे पादरी बिल क्रूज़ ने कहा कि उन्होंने सिडनी में बेघर होने का संकट पहले कभी इतना गंभीर नहीं देखा। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 2026 में न्यू साउथ वेल्स में 2,308 लोग खुले आसमान के नीचे सोते पाए गए, जो पिछले साल से 5 प्रतिशत अधिक हैं। हालांकि, इनर सिडनी में यह संख्या 346 से घटकर 296 रह गई।
बिजनेस सिडनी के कार्यकारी निदेशक पॉल निकोलाउ ने भी महंगाई और बढ़ते किरायों के कारण बेघर होने की समस्या पर चिंता जताई। ऐसे में सामाजिक कार्यकर्ताओं के बीच सवाल उठ रहा है कि शहर की सुंदरता बढ़ाने वाली परियोजनाओं से पहले बेघर लोगों के लिए आवास और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए या नहीं।






