Wednesday, November 4, 2026
HomePunjabकिसान मंडियों में सूखा धान लाने को प्राथमिकता दें : डिप्टी कमिश्नर

किसान मंडियों में सूखा धान लाने को प्राथमिकता दें : डिप्टी कमिश्नर

फतेहगढ़ साहिब, 27 अक्टूबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): डिप्टी कमिश्नर डॉ. सोना थिंद ने किसानों से अपील की कि वे धान की कटाई पूरी तरह पकने के बाद ही करें और मंडियों में सूखा धान ही लेकर आएं। उन्होंने कहा कि किसान फसल मंडी में ले जाने से पहले उसमें नमी की जांच जरूर करवाएं। यदि नमी निर्धारित 17 प्रतिशत की सीमा से अधिक हो, तो धान को अच्छी तरह सुखाने के बाद ही मंडी में लाया जाए, ताकि खरीद में देरी और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

डिप्टी कमिश्नर ने कंबाइन मालिकों को भी सख्त निर्देश दिए कि वे गीले धान की कटाई बिल्कुल न करें और किसानों को फसल सूखने के बाद ही कटाई करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन निर्देशों का उल्लंघन करने वाले कंबाइन मालिकों के खिलाफ नियमों के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. सोना थिंद ने बताया कि जिले की सभी मंडियों में धान की खरीद निर्बाध रूप से जारी है। जिले की मंडियों में अब तक 2,86,366 मीट्रिक टन धान की आवक हुई है, जिसमें से 2,80,240 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। खरीद एजेंसियों द्वारा मंडियों में खरीदे गए कुल धान में से 2,11,400 मीट्रिक टन धान की लिफ्टिंग करवाई जा चुकी है। वहीं, खरीदे गए धान के भुगतान के रूप में किसानों के बैंक खातों में 634.19 करोड़ रुपये जमा करवाए गए हैं।

यह जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर डॉ. सोना थिंद ने बताया कि मंडियों में खरीदे गए कुल धान में से पनग्रेन द्वारा 1,28,097 मीट्रिक टन, मार्कफेड द्वारा 51,786 मीट्रिक टन, पनसप द्वारा 61,699 मीट्रिक टन, वेयरहाउस द्वारा 29,612 मीट्रिक टन, एफसीआई द्वारा 8,632 मीट्रिक टन और व्यापारियों द्वारा 1,078 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments