चंडीगढ़, 30 अक्टूबर, 2026 (छतरपाल सिंह): पंजाब भाजपा के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने गुरुवार को ऐलान किया कि यदि पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो राज्य के सरकारी कर्मचारियों को केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बराबर 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA) दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की सरकार बनने पर कर्मचारियों के सभी बकाया DA का भुगतान भी सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत वृद्धि करने के फैसले का स्वागत करते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर राज्य के कर्मचारियों को उनके जायज अधिकारों से वंचित रखने के आरोप लगाए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के कर्मचारियों को अभी भी केंद्रीय कर्मचारियों के मुकाबले कम महंगाई भत्ता मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के केंद्रीय कर्मचारियों के बराबर DA देने संबंधी निर्देशों को लागू करने में असफल रही है।
उन्होंने दावा किया कि इस मामले में हाई कोर्ट ने हाल ही में पंजाब सरकार पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया था और सरकार को अदालत में माफी भी मांगनी पड़ी थी। भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दायर की हुई है, जिस पर अभी सुनवाई नहीं हुई है।
उन्होंने दावा किया कि राज्य के करीब 8 लाख सरकारी कर्मचारी अपने बकाया अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा की सरकार बनने पर सभी बकाया DA का भुगतान किया जाएगा और भविष्य में समय पर महंगाई भत्ता दिया जाएगा।
खेल सामान उद्योग को फिर से बढ़ावा मिलने की उम्मीद
औद्योगिक विकास के बारे में बात करते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि केंद्र सरकार की प्रस्तावित खेल सामान निर्माण योजना से पंजाब को काफी लाभ हो सकता है। उन्होंने कहा कि जालंधर देश के प्रमुख खेल सामान निर्माण केंद्रों में से एक है और इस योजना से शहर के खेल उद्योग को फिर से मजबूती मिल सकती है।
उनके अनुसार, इस पहल से आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रही औद्योगिक इकाइयों को दोबारा शुरू करने, उत्पादन बढ़ाने और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी।
कंटेनर निर्माण योजना से निर्यातकों को होगा लाभ
केंद्र सरकार की कंटेनर निर्माण प्रोत्साहन योजना का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि इससे पंजाब के निर्यात आधारित उद्योगों को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
लुधियाना के होजरी और साइकिल उद्योग के उत्पादों तथा जालंधर के खेल सामान को देश में ही निर्मित कंटेनरों के माध्यम से विदेशों में भेजा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इससे माल ढुलाई का खर्च कम होगा और पंजाब के निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा करने के लिए अधिक अवसर मिलेंगे।
13 हजार से अधिक पंचायतों को मजबूत करेगी विकसित ग्राम स्वराज योजना
केवल सिंह ढिल्लों ने प्रधानमंत्री की विकसित ग्राम स्वराज योजना का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह योजना पंजाब की 13 हजार से अधिक पंचायतों में प्रशासनिक व्यवस्थाओं और ग्रामीण विकास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि सरपंचों और पंचों को बेहतर प्रशिक्षण देने तथा अधिक जिम्मेदारियां सौंपने से गांवों के विकास कार्यों में तेजी आएगी और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली में सुधार होगा।






