Wednesday, November 4, 2026
HomePunjabप्रभारी सचिव रीतू अग्रवाल ने बस्सी पठाना और नंदपुर कलौड़ की मंडियों...

प्रभारी सचिव रीतू अग्रवाल ने बस्सी पठाना और नंदपुर कलौड़ की मंडियों में धान खरीद प्रबंधों का लिया जायजा

बस्सी पठाना/फतेहगढ़ साहिब, 30 अक्टूबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): पंजाब सरकार की ओर से जिला फतेहगढ़ साहिब के लिए नियुक्त प्रभारी सचिव श्रीमती रीतू अग्रवाल, आईएएस ने अनाज मंडी बस्सी पठाना और नंदपुर कलौड़ का अचानक दौरा कर धान की खरीद, उठान (लिफ्टिंग) और किसानों को खरीदी गई फसल के भुगतान सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

श्रीमती रीतू अग्रवाल ने मंडियों में पहुंचे धान की नमी की जांच की और खरीद प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों को पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार मंडियों में आने वाले धान की समयबद्ध खरीद सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने सभी खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही खरीदी गई फसल का उठान और किसानों को भुगतान निर्धारित समय के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसल पूरी तरह सुखाकर और निर्धारित नमी के मानकों के अनुसार ही मंडियों में लेकर आएं, ताकि उनकी फसल की तुरंत खरीद हो सके। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य की मंडियों में किसानों की मेहनत से पैदा किए गए धान का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने खरीद प्रबंधों पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित खरीद एजेंसियों और अन्य अधिकारियों को धान के उठान में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

इससे पहले प्रभारी सचिव रीतू अग्रवाल ने बस्सी पठाना के गांव शहीदगढ़ और जोधपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों तथा सरकारी प्राथमिक विद्यालय जोधपुर में बच्चों को दिए जाने वाले मिड-डे मील की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और स्कूल स्टाफ को निर्देश दिए कि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को ध्यान में रखते हुए उन्हें स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध करवाया जाए। साथ ही सरकारी संस्थानों में दी जाने वाली सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखी जाए।

इसके बाद प्रभारी सचिव श्रीमती रीतू अग्रवाल ने जिला प्रशासनिक परिसर के कॉन्फ्रेंस हॉल में विभिन्न विभागों के कामकाज और प्रगति की समीक्षा की।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त श्रीमती अमरबीर कौर भुल्लर, एसडीएम फतेहगढ़ साहिब करुण गुप्ता, एसडीएम बस्सी पठाना दीपजोत कौर, खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी केवल सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुरतन कौर, जिला मंडी अधिकारी, जिला राजस्व अधिकारी करमजोत सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments