लहरागागा,1 नवंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): गांव अलीशेर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मिक शांति के लिए भोग एवं अंतिम अरदास समारोह गांव के खेल स्टेडियम में आयोजित किया गया। इस अवसर पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारों के साथ संवेदना व्यक्त करते हुए उनका दुख साझा किया।
कैबिनेट मंत्री ने इस अवसर पर हादसे में मारे गए व्यक्तियों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्तियों को भी 10-10 लाख रुपये और अन्य घायलों को 2-2 लाख रुपये के मुआवजे के स्वीकृति पत्र सौंपे। इस प्रकार पीड़ित परिवारों और घायलों को कुल 1 करोड़ 26 लाख रुपये के मुआवजे के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
श्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि इस हादसे ने पीड़ित परिवारों के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को गहरे दुख में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि अपने प्रियजनों को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता और उनके बिछड़ने से हुआ नुकसान कभी पूरा नहीं किया जा सकता। मुआवजे के माध्यम से पीड़ित परिवारों को इस कठिन समय में आर्थिक सहारा देने का प्रयास किया गया है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि परिवारों की समस्याओं को संवेदनशीलता से समझना और उन्हें आवश्यक सहयोग देना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
श्री गोयल ने हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि गंभीर चोटों के कारण पीड़ितों और उनके परिवारों को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि घायलों के लिए स्वीकृत की गई मुआवजा राशि उन्हें और उनके परिवारों को आर्थिक सहारा देने की दिशा में एक प्रयास है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए अरदास की। उन्होंने समाज के लोगों से भी अपील की कि पीड़ित परिवारों के साथ संवेदना और सहयोग का रिश्ता बनाए रखें, ताकि वे इस कठिन समय में खुद को अकेला महसूस न करें।






