पटियाला, 7 नवंबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान को स्कूली स्तर तक और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा युवाओं को नशों से दूर रखकर उनके भविष्य को सही दिशा देने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो (डीबीईई), पटियाला द्वारा मॉडल टाउन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पटियाला में जिला शिक्षा कार्यालय के ब्लॉक काउंसलरों के लिए जिला स्तरीय करियर काउंसलिंग एवं नशा विरोधी जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।
मास काउंसलिंग प्रोग्राम-2026 के तहत आयोजित इस सत्र के दौरान ब्लॉक काउंसलरों को विद्यार्थियों की रुचि एवं योग्यता के अनुसार उच्च शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें नशों के दुष्प्रभावों से अवगत करवाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई।
सत्र के दौरान मेडिकल, इंजीनियरिंग, आर्ट्स, कॉमर्स, कानून, खेलकूद और रक्षा सेवाओं सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा पॉलीटेक्निक, आईटीआई, पंजाब स्किल डेवलपमेंट मिशन (पीएसडीएम) और सीपीवाईटीई के माध्यम से कौशल विकास एवं तकनीकी प्रशिक्षण के अवसरों के बारे में भी जानकारी साझा की गई।
इस अवसर पर डीबीईई के उप निदेशक रविंदर सिंह चहल, करियर काउंसलर डॉ. रूपसी पाहूजा और मानिक राज सिंगला के अलावा थापर पॉलीटेक्निक कॉलेज से योगेश, लीड बैंक के ब्रांच मैनेजर आयुष, पीएसडीएम से गगनदीप कौर, आरएसईटीआई से हरदीप सिंह, आईटीआई (महिला), नाभा से हरसिमरन कौर, जिला गाइडेंस एवं काउंसलिंग अधिकारी इंद्रप्रीत सिंह, सीपीवाईटीई से यादविंदर सिंह, सैनिक कल्याण विभाग से पप्पी सिंह तथा थापर इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी से डॉ. अरविंदर ने भी अपने विचार साझा किए।
युवाओं के लिए उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, आरएसईटीआई तथा विभिन्न स्वरोजगार ऋण योजनाओं के बारे में भी अवगत करवाया गया, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई पूरी करने के बाद आत्मनिर्भर बनने के लिए उचित मार्गदर्शन मिल सके।
इस प्रशिक्षण सत्र के बाद नवंबर माह के दौरान जिले के सभी ब्लॉकों के सरकारी स्कूलों में ब्लॉक काउंसलरों द्वारा करियर जागरूकता एवं नशा विरोधी अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के बारे में मार्गदर्शन देने के साथ-साथ नशों से दूर रहकर स्वस्थ एवं उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने के लिए प्रेरित किया जाएगा।







