नई दिल्ली, 7 नवंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह) : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में स्टाफ सदस्यों के साथ दिवाली मिलन समारोह मनाया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यालय के कर्मचारियों से मुलाकात कर उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं दीं और व्यक्तिगत रूप से मिठाइयां व उपहार वितरित किए। समारोह को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा कार्यालय में काम करने वाला प्रत्येक व्यक्ति केवल एक कर्मचारी नहीं, बल्कि पार्टी परिवार का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने स्टाफ सदस्यों की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनके योगदान से ही पार्टी का काम लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी कर्मचारियों की सेवा और योगदान की दिल से कद्र करती है तथा भाजपा अपने मुख्यालय के प्रत्येक सदस्य के साथ मजबूती से खड़ी है।
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुझाव से प्रेरित होकर उन्होंने दिवाली के अवसर पर सभी के साथ मिलकर खुशियां साझा करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि उनकी हमेशा से इच्छा रही है कि पार्टी का कार्यालय उत्साह और ऊर्जा से भरा रहे और ऐसा माहौल तभी बन सकता है, जब वहां काम करने वाले लोग खुश रहें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुरूप पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के साथ संबंधों को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच नियमित संवाद बढ़ाने के लिए नई व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे संगठन में आपसी तालमेल और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ा है। अंत में उन्होंने सभी स्टाफ सदस्यों और उनके परिवारों को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए अच्छे स्वास्थ्य, खुशहाली, शांति और तरक्की की कामना की।







