यमुनानगर, 08 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा): भोजन की बर्बादी रोककर जरूरतमंदों तक खाना पहुंचाने के उद्देश्य से यमुनानगर की प्रिया अरोड़ा ने महज 17 साल की उम्र में रोटी बैंक की शुरुआत की थी। कॉलेज में सहेलियों के टिफिन से बची रोटियां जुटाने से शुरू हुई यह पहल आज शांति फाउंडेशन के माध्यम से करीब 20 हजार लोगों तक पहुंच चुकी है।
गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज में पढ़ाई के दौरान प्रिया ने छात्राओं से बची हुई रोटियां इकट्ठा करनी शुरू कीं। तत्कालीन प्रिंसिपल डॉ. विरेंद्र गांधी के सहयोग से रोजाना करीब 500 रोटियां जुटने लगीं, जिन्हें कुष्ठ आश्रम, रेलवे स्टेशन और झुग्गी-बस्तियों में जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाता था। 13 सितंबर 2018 को इस पहल को औपचारिक रूप से रोटी बैंक नाम दिया गया।
आज इस मुहिम में 25 सहयोगी जुड़े हैं, जो नौकरी और कारोबार के साथ निस्वार्थ भाव से सेवा करते हैं। टीम होटलों, धर्मशालाओं और मैरिज पैलेसों से बचा हुआ भोजन लेकर जरूरतमंदों तक पहुंचाती है। जरूरतमंद परिवारों को राशन भी उपलब्ध कराया जाता है।
कोरोना महामारी के दौरान टीम ने प्रतिदिन करीब 2,000 से 2,200 लोगों के भोजन की व्यवस्था की थी। इसके अलावा जरूरतमंदों को ऑक्सीजन सिलिंडर, महिलाओं को सैनिटरी पैड, बुजुर्गों को कंबल और बच्चों को स्टेशनरी भी बांटी जाती है। प्रिया का कहना है कि भोजन की बर्बादी रोककर भूखे लोगों तक खाना पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।







