Tuesday, November 24, 2026
HomeNationalलाल कृष्ण आडवाणी के 100वें जन्मदिन पर पी. एम. मोदी ने लिखा...

लाल कृष्ण आडवाणी के 100वें जन्मदिन पर पी. एम. मोदी ने लिखा विशेष लेख, राजनीतिक सफर को किया याद

नई दिल्ली, 8 नवंबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी के 100वें जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके जीवन, राजनीतिक सफर और देश के प्रति योगदान को याद करते हुए एक विशेष लेख लिखा। इस लेख में उन्होंने भारतीय राजनीति में आडवाणी के योगदान, भाजपा के निर्माण, लोकतंत्र की रक्षा और राम मंदिर आंदोलन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण यादें साझा कीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह लेख साझा करते हुए कहा कि आडवाणी ने कई पीढ़ियों के पार्टी कार्यकर्ताओं को तैयार किया और भाजपा को ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत पर आधारित मजबूत नींव प्रदान की। उनके अनुसार, आडवाणी की वैचारिक स्पष्टता और बौद्धिक क्षमता उनकी शख्सियत के विशेष गुण रहे हैं।

मोदी ने अपने लेख में वर्ष 1947 के विभाजन का उल्लेख करते हुए बताया कि उस समय युवा आडवाणी को सिंध में अपना घर-बार छोड़ना पड़ा था। इस कठिन दौर के बावजूद उन्होंने बिना किसी कटुता के अपने जीवन को दोबारा संवारा और बाद में भारतीय जनसंघ तथा भाजपा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रधानमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और आडवाणी के आपसी संबंधों का भी विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दशकों तक दो बड़े राजनीतिक नेताओं का एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करना और प्रतिस्पर्धा के बजाय सहयोग की भावना बनाए रखना एक अनूठी मिसाल है। दोनों नेताओं ने मिलकर भारतीय राजनीति की दिशा बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

1967 में शुरू हुआ राजनीतिक सफर, संसद में भी निभाई अहम भूमिका

आडवाणी के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए मोदी ने बताया कि वह वर्ष 1967 में दिल्ली मेट्रोपॉलिटन काउंसिल के चेयरमैन बने और 1970 में उनका संसदीय जीवन शुरू हुआ। उन्होंने लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों में विपक्ष के नेता के रूप में सेवाएं दीं। संसद में उनके विचारों और बहसों को विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से भी सम्मान मिलता रहा।

प्रधानमंत्री ने वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल को आडवाणी के जीवन का एक महत्वपूर्ण मोड़ बताया। उन्होंने कहा कि आडवाणी ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाई और जेल में बिताए अपने अनुभवों को अपनी पुस्तक ‘A Prisoner’s Scrap-Book’ में दर्ज किया।

इस पुस्तक के ‘A Tale of Two Emergencies’ नामक हिस्से में उन्होंने भारत में जून 1975 से शुरू हुए हालात और वर्ष 1933 के नाजी जर्मनी के घटनाक्रम के बीच समानताओं का उल्लेख किया था।

गृह मंत्री और उप प्रधानमंत्री के रूप में दिया योगदान

मोदी ने आडवाणी को एक ओर मजबूत विपक्षी नेता और दूसरी ओर कुशल प्रशासक बताया। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री और उप प्रधानमंत्री के रूप में आडवाणी ने देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में अहम योगदान दिया। आतंकवाद के खिलाफ उनका सख्त रुख और सुरक्षा बलों के कल्याण के लिए किए गए प्रयास भी उनके कार्यकाल के महत्वपूर्ण पहलू रहे।

राम रथ यात्रा को बताया राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव

लेख में सोमनाथ से अयोध्या तक निकाली गई राम रथ यात्रा को भी आडवाणी के राजनीतिक जीवन का एक महत्वपूर्ण अध्याय बताया गया। मोदी ने कहा कि उन्हें इस यात्रा की योजना बनाने से लेकर इसे वास्तविक रूप देने तक शामिल होने का अवसर मिला था। यात्रा की शुरुआत के समय सोमनाथ में मौजूद रहना उनके लिए एक विशेष स्मृति है।

प्रधानमंत्री ने बिहार में आडवाणी की गिरफ्तारी और गुजरात की चिमनभाई पटेल सरकार से भाजपा द्वारा समर्थन वापस लेने की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राम मंदिर निर्माण के संकल्प को जारी रखा और बाद में अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हुआ।

पढ़ने, फिल्मों और रंगमंच में भी थी गहरी रुचि

आडवाणी के निजी जीवन और सादगी का जिक्र करते हुए मोदी ने उन्हें पढ़ने का शौकीन, अखबारों का गहराई से अध्ययन करने वाला और फिल्मों तथा रंगमंच में रुचि रखने वाला व्यक्ति बताया। उनकी पुस्तक ‘My Country My Life’ में इतिहास के प्रति उनकी समझ और दिलचस्पी की झलक मिलती है।

मोदी ने सिंधी संस्कृति के साथ उनके निरंतर जुड़ाव और लेह के पास सिंधु दर्शन पूजा को लोकप्रिय बनाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। इसके साथ ही उन्होंने आडवाणी की पत्नी कमला आडवाणी को उनके सार्वजनिक जीवन में लगातार सहयोग और प्रोत्साहन देने वाली शख्सियत के रूप में याद किया।

8 नवंबर 1927 को कराची में हुआ था जन्म

उल्लेखनीय है कि लाल कृष्ण आडवाणी का जन्म 8 नवंबर 1927 को कराची में हुआ था, जो अब पाकिस्तान में है। वह वर्ष 1942 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े थे। उन्होंने 1986 से 1990, 1993 से 1998 और 2004 से 2005 तक तीन अलग-अलग कार्यकालों में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में सेवाएं दीं।

आडवाणी वर्ष 1999 से 2004 तक केंद्रीय गृह मंत्री रहे और 2002 से 2004 तक अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में उप प्रधानमंत्री का पद संभाला।

देश के प्रति उनके योगदान को देखते हुए मार्च 2024 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया था।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments