हरियाणा, 08 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा): दीपावली के मद्देनजर हरियाणा सरकार ने सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण और जरूरी सेवाओं को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आदेशों के अनुसार, पटाखे सुबह 6 से 7 बजे और रात 8 से 10 बजे तक ही चलाए जा सकेंगे। रात 10 बजे के बाद पटाखे चलाने पर प्रतिबंध रहेगा। राज्य के 14 चिन्हित जिलों में केवल CSIR-NEERI प्रमाणित ग्रीन पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल की अनुमति है। बिना लाइसेंस पटाखे रखने, बनाने या बेचने वालों पर कार्रवाई होगी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिला अस्पतालों, 416 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और 121 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट पर रखा है। अस्पतालों में बर्न यूनिट और आपातकालीन बेड आरक्षित किए गए हैं।
बिजली निगमों को 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं और कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। दमकल गाड़ियों को ईंधन व जरूरी उपकरणों के साथ तैयार रखने तथा पुलिस को बाजारों और पटाखा दुकानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।







