Wednesday, November 18, 2026
HomeNationalदिल्ली में छठ पूजा की तैयारियां तेज, 1,400 से ज्यादा घाटों पर...

दिल्ली में छठ पूजा की तैयारियां तेज, 1,400 से ज्यादा घाटों पर मिलेंगी सुविधाएं

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को तैयारियां समय से पहले पूरी करने के दिए निर्देश, 13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा छठ महापर्व

नई दिल्ली, 10 नवंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह) : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में छठ पूजा को लेकर दिल्ली सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस वर्ष श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 1,400 से अधिक छठ घाट तैयार किए जा रहे हैं, जबकि पिछले वर्ष इनकी संख्या 1,326 थी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को जनसेवा सदन में छठ पूजा समितियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि तैयारियों के किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं और उनके परिवारों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध करवाना है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के सूर्य देव को अर्घ्य दे सकें।

मुनक नहर के किनारे बनेगा 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट

इस वर्ष दिल्लीवासियों के लिए मुनक नहर के किनारे विकसित किया जा रहा 11 किलोमीटर लंबा विशाल छठ घाट विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। यह घाट आउटर रिंग रोड से इंद्रलोक तक फैला होगा। इसके दोनों ओर सीढ़ियां और श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए कंक्रीट की सड़क बनाई जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 12 नवंबर को सिंगलपुर गांव के निकट एक कार्यक्रम के दौरान इस विशाल घाट का उद्घाटन करेंगे। इस घाट को इस तरह विकसित किया जा रहा है कि आसपास के कई विधानसभा क्षेत्रों के श्रद्धालु आसानी से छठ पूजा कर सकें।

15 और 16 नवंबर को सफाई के लिए विशेष प्रबंध

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व लाखों लोगों की आस्था, विश्वास और परंपराओं से जुड़ा हुआ है। इसलिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें और घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि घाटों की शुरुआती तैयारियां पहले ही पूरी कर ली जाएं, ताकि अंतिम समय में केवल पानी भरने, टेंट लगाने और सफाई जैसे कार्य ही शेष रहें। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों के घाटों का नियमित निरीक्षण करने तथा कमियों को तुरंत दूर करने के लिए कहा गया है।

इस वर्ष छठ पूजा 13 से 16 नवंबर तक मनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी प्रमुख व्यवस्थाएं त्योहार से कम से कम दो दिन पहले पूरी कर ली जाएं। नवंबर में ठंड की संभावना को देखते हुए बड़े और मध्यम आकार के घाटों पर जरूरत के अनुसार ढके हुए टेंट लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम और शौचालयों की होगी व्यवस्था

श्रद्धालु महिलाओं की सुविधा को विशेष प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में कपड़े बदलने के कमरे और शौचालय बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं की साफ-सफाई और उपयोगिता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि त्योहार की पवित्रता और महिलाओं की गरिमा बनी रहे। प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया है। इसके अलावा 15 और 16 नवंबर को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सफाई कर्मचारियों और अतिरिक्त टीमों को 24 घंटे सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

घाटों तक जाने वाली सड़कों पर रोशनी के पुख्ता इंतजाम

मुख्यमंत्री ने घाटों तक पहुंचने वाली सड़कों का विशेष निरीक्षण करने और आने-जाने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी सड़क अंधेरे में नहीं रहनी चाहिए और रास्तों पर अंधेरे वाले स्थान नहीं होने चाहिए। उन्होंने मॉडल छठ घाटों को आकर्षक और सुविधाओं से युक्त बनाने के साथ-साथ मुख्य सड़कों से दिखाई देने वाले प्रमुख घाटों पर स्वागत द्वार लगाने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ केवल धार्मिक त्योहार नहीं, बल्कि दिल्ली की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक भी है। सरकार चाहती है कि व्रत रखने वाले प्रत्येक श्रद्धालु और त्योहार में शामिल होने वाले हर व्यक्ति को पूरी आस्था, सम्मान और शांति के साथ पूजा करने का अवसर मिले। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियों की लगातार निगरानी करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसी भी श्रद्धालु को छोटी-सी भी परेशानी का सामना न करना पड़े।

छठ पूजा के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस पवित्र त्योहार के महत्व और श्रद्धालुओं की भावनाओं का पूरा सम्मान करती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments