नई दिल्ली, 10 नवंबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग) : देश की राजधानी दिल्ली में यमुना नदी को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। दिल्ली सरकार की ओर से मंगलवार को सोनिया विहार में पहली मनोरंजक रिवर क्रूज सेवा ‘नमो यमुना रिवर सफारी’ शुरू की जा रही है। इस परियोजना के माध्यम से दिल्लीवासियों और पर्यटकों को यमुना नदी में क्रूज की सवारी का नया अनुभव मिलेगा। इस सेवा का उद्घाटन केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल करेंगे। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मंत्री कपिल मिश्रा और अन्य प्रमुख नेता भी मौजूद रहेंगे। यह परियोजना केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) का संयुक्त प्रयास है।
6 किलोमीटर की होगी क्रूज यात्रा
‘नमो यमुना रिवर सफारी’ के तहत इलेक्ट्रिक क्रूज बोट सोनिया विहार से जगतपुर तक लगभग 6 किलोमीटर की आवाजाही वाली यात्रा करेगी। इसका मुख्य उद्देश्य नदी आधारित पर्यटन को बढ़ावा देना और लोगों को यमुना के प्राकृतिक नजारों से जोड़ना है। दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि क्रूज सेवा शुरू करने के लिए बोट पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि नदी के किनारे एक मनोरंजन क्षेत्र भी विकसित किया गया है, जहां बच्चों के लिए खेल और अन्य गतिविधियों की व्यवस्था की गई है।
म्यूजिकल फाउंटेन और फूड जोन होंगे आकर्षण का केंद्र
क्रूज सेवा के साथ विकसित किए गए मनोरंजन क्षेत्र में म्यूजिकल फाउंटेन, बच्चों के लिए प्ले जोन, फूड कोर्ट, खरीदारी की सुविधाएं और एडवेंचर स्पोर्ट्स गतिविधियां भी शामिल होंगी। हर शाम भगवान श्रीकृष्ण और यमुना मैया की थीम पर आधारित म्यूजिकल फाउंटेन शो आयोजित किया जाएगा। पर्यटकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन और मौके पर टिकट खरीदने की व्यवस्था होगी। मंत्री कपिल मिश्रा के अनुसार, सुबह 9 बजे से प्रवेश शुरू होगा और रात लगभग 9 बजे तक अंतिम टिकट जारी किया जाएगा। भविष्य में क्रूज बोटों की संख्या बढ़ाने की भी योजना है।
यमुना के साथ लोगों का जुड़ाव होगा मजबूत : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि यमुना रिवर क्रूज दिल्लीवासियों को मनोरंजन का एक नया अनुभव प्रदान करेगा। उनके अनुसार, यह पहल लोगों को मां यमुना के और करीब लाने के साथ-साथ दिल्ली के रिवरफ्रंट को नई पहचान देने में भी सहायक होगी। सरकार का मानना है कि इलेक्ट्रिक बोटों के माध्यम से पर्यावरण के अनुकूल जल परिवहन और पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सकेगा।
इस परियोजना का एक अन्य उद्देश्य यमुना नदी के साथ लोगों का जुड़ाव बढ़ाना और राजधानी में एक नए सार्वजनिक मनोरंजन स्थल का विकास करना है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर और हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, कपिल मिश्रा, उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और भाजपा सांसद मनोज तिवारी सहित अन्य प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।
सरकार इस परियोजना को क्रूज पर्यटन और विरासत पर्यटन के मेल के रूप में प्रस्तुत कर रही है। इससे दिल्ली में पर्यटन की नई संभावनाएं विकसित होने की उम्मीद है।







