पटियाला, 10 नवंबर 2026 (छत्रपाल सिंह) : भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने और युवाओं को चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से स्कूलों और कॉलेजों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों के माध्यम से निबंध और क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित करवाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, पटियाला की ओर से जिले की सभी यूनिवर्सिटियों, तकनीकी संस्थानों, कॉलेजों तथा सरकारी और निजी स्कूलों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ये प्रतियोगिताएं करवाने के लिए कहा गया है। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य भविष्य के मतदाताओं और युवा वोटरों को मतदाता सूची तथा मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना है।
जारी निर्देशों के अनुसार, संस्थान स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित कर प्रत्येक प्रतियोगिता से दो विद्यार्थियों का चयन 11 और 12 नवंबर को किया जाएगा। इसके बाद विधानसभा क्षेत्र स्तर की प्रतियोगिताएं 17 नवंबर को होंगी, जिनमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से हर प्रतियोगिता के लिए 10 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। जिला स्तर का फाइनल मुकाबला 18 नवंबर को आयोजित होगा, जबकि परिणामों की घोषणा और प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया 20 नवंबर को पूरी की जाएगी। सभी संस्थानों को जिला स्तरीय अनुपालन रिपोर्ट 23 नवंबर तक जमा करवानी होगी।
निबंध प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ और ‘मतदान का महत्व’ विषयों में से किसी एक पर निबंध लिखना होगा। स्कूल के विद्यार्थियों के लिए निबंध की शब्द सीमा 500 से 800 शब्द और कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए 800 से 1200 शब्द निर्धारित की गई है। निबंध अंग्रेजी, हिंदी या राज्य की आधिकारिक भाषा में लिखे जा सकते हैं।
क्विज प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने, ईवीएम और वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया तथा मतगणना प्रक्रिया से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।
निर्देशों के अनुसार, प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों की प्रविष्टियां मौलिक होनी चाहिए। इनमें किसी भी तरह की नकल या एआई के माध्यम से तैयार की गई सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। 18 वर्ष से कम आयु के प्रतिभागियों के लिए आवश्यकता के अनुसार अभिभावकों की सहमति भी प्राप्त की जाएगी।
सभी संस्थानों को संबंधित विधानसभा क्षेत्र के स्वीप नोडल अधिकारियों के साथ तालमेल बनाकर प्रतियोगिताएं सुचारू रूप से आयोजित करने और निर्धारित समय के भीतर रिपोर्ट जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं।







