Wednesday, November 18, 2026
HomePatiala‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत हॉट स्पॉट क्षेत्रों में नशों...

‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत हॉट स्पॉट क्षेत्रों में नशों की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की ए.डी.सी. ने समीक्षा की

पटियाला, 10 नवंबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): पटियाला की अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) अनुप्रिता जौहल ने पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत जिले के हॉट स्पॉट क्षेत्रों में नशों की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। समूह एसडीएम, डीएसपी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ पूरी गंभीरता से काम करें और किसी भी स्तर पर कोई ढिलाई न बरती जाए।

एडीसी ने बताया कि पटियाला जिले में नशों की बिक्री और नशों से जुड़ी अन्य गतिविधियों को देखते हुए 20 क्षेत्रों की हॉट स्पॉट के रूप में पहचान की गई है, जहां नशों की रोकथाम के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में नशे के सेवन वाले स्थानों को दोबारा उपयोग योग्य बनाने के लिए बुनियादी ढांचे में सुधार, सीसीटीवी कैमरे लगाने, उचित रोशनी की व्यवस्था करने तथा नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों की पहचान कर कानूनी प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं।

अनुप्रिता जौहल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हॉट स्पॉट क्षेत्रों में नियमित रूप से जनसभाएं आयोजित की जाएं और लोगों की नागरिक समस्याओं की पहचान कर उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। इसके साथ ही ग्राम रक्षा समितियों और स्थानीय निवासियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों के सहयोग से नशों के विरुद्ध अभियान को और मजबूत बनाया जा सके।

नशा पीड़ितों के उपचार और पुनर्वास पर जोर देते हुए एडीसी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि हॉट स्पॉट क्षेत्रों में नशे का सेवन करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनकी स्वास्थ्य जांच करवाई जाए तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें नशा मुक्ति केंद्रों, पुनर्वास केंद्रों और ओओएटी क्लीनिकों में उपचार के लिए भर्ती करवाया जाए। उन्होंने उपचाराधीन व्यक्तियों का नियमित फॉलोअप करने और उपचार पूरा होने तक उनकी निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

एडीसी जौहल ने मेडिकल स्टोरों की जांच में तेजी लाने, प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने के लिए भी कहा।

शिक्षा विभाग को स्कूलों, कॉलेजों और हॉट स्पॉट क्षेत्रों में नशों के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के साथ-साथ विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने एनसीसी और एनएसएस के माध्यम से भी नशा विरोधी जागरूकता गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा सभी विभागों को अपने कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments