मंडी, 11 नवंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक रूसी पैराग्लाइडर हाईटेंशन बिजली की तारों में फंस गया। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की 16 सदस्यीय टीम ने स्थानीय प्रशासन और लोगों के सहयोग से कई घंटों की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
यह घटना मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई, जहां पैराग्लाइडर हाई-वोल्टेज बिजली ट्रांसमिशन लाइनों में उलझ गया था। बचाव अभियान को सुरक्षित तरीके से पूरा करने के लिए 56 मीटर ऊंची हाइड्रोलिक क्रेन और विशेष सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल किया गया।
मंडी SDRF यूनिट के प्रभारी विनोद ठाकुर ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान रस्सियों की मदद से बचाव कार्य के लिए बेले सेफ्टी सिस्टम भी लगाया गया था, ताकि बिजली की तारों में फंसे विदेशी नागरिक को सुरक्षित नीचे उतारा जा सके।
रेस्क्यू के बाद रूसी नागरिक को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। SDRF अधिकारी के अनुसार, शुरुआती जांच के दौरान वह होश में था और बातचीत भी कर रहा था। हालांकि, उसकी स्वास्थ्य स्थिति की वास्तविक जानकारी मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।







