वॉशिंगटन/ओटावा, 14 नवंबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): अमेरिका के हवाई यातायात नियंत्रण सिस्टम में तकनीकी खराबी आने के बाद देशभर में उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। स्थिति को देखते हुए अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने देश में उड़ानों पर अस्थायी रोक लगाने का निर्देश जारी किया। इस व्यवधान का असर कनाडा की हवाई सेवाओं पर भी पड़ा और अमेरिका आने-जाने वाली उड़ानों को रद्द करना पड़ा।
अमेरिका के एयर रूट ट्रैफिक कंट्रोल केंद्र में आई तकनीकी समस्या की जानकारी वहां के परिवहन सचिव सीन डफी ने दी। इस घटना के बाद हवाई अड्डों पर उड़ानों का संचालन बाधित हो गया और यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। अमेरिकी विमानन प्रणाली में इससे पहले जनवरी 2023 में भी तकनीकी खराबी सामने आई थी, जिसके कारण उड़ानों पर असर पड़ा था। हालांकि, 11 सितंबर 2001 को अमेरिका में हवाई क्षेत्र बंद किया जाना आतंकवादी हमलों के बाद लिया गया सुरक्षा संबंधी फैसला था, न कि इसी तरह की तकनीकी खराबी का परिणाम।
केनैडा के प्रमुख हवाई अड्डों पर यात्रियों की परेशानी बढ़ी
अमेरिका के लिए उड़ानों पर रोक का असर केनैडा के कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर भी देखने को मिला। वैंकूवर, मॉन्ट्रियल, कैलगरी, विनीपेग, एडमंटन, विक्टोरिया, ओटावा और एबट्सफोर्ड सहित विभिन्न हवाई अड्डों पर अमेरिका जाने के लिए पहुंचे यात्री अचानक पैदा हुई स्थिति के कारण परेशान हो गए।
बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने और उनके दोबारा शुरू होने को लेकर अनिश्चितता के चलते हजारों यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुईं। कड़ाके की ठंड के बीच यात्रियों को अपनी आगे की यात्रा के संबंध में फैसले लेने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। इस बीच, दूसरे देशों से अमेरिका के विभिन्न शहरों के लिए रवाना हो चुकी उड़ानों के संचालन और उनके संभावित मार्ग परिवर्तन को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं थी।
केनैडा के परिवहन मंत्री स्टीवन मैकिनॉन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि केनैडा सरकार अमेरिका में पैदा हुए हालात पर लगातार नजर रख रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केनैडा के अपने हवाई यातायात सिस्टम में ऐसी कोई तकनीकी समस्या नहीं आई है। केनैडाई अधिकारी अमेरिकी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं और स्थिति से जुड़ी जानकारी साझा कर रहे हैं।
FAA ने चरणबद्ध तरीके से उड़ानें शुरू करने के दिए संकेत
देर रात FAA की ओर से जारी जानकारी में कहा गया कि तकनीकी समस्या को ठीक करने का काम जारी है और कुछ समय बाद चरणबद्ध तरीके से उड़ानों को दोबारा अनुमति दी जा सकती है। हालांकि, विमानन क्षेत्र के विशेषज्ञों का अनुमान था कि हवाई सेवाओं को पूरी तरह सामान्य होने में 12 से 15 घंटे तक का समय लग सकता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, उड़ानों पर रोक के कारण हवाई अड्डों के पार्किंग क्षेत्रों और रनवे पर विमानों की आवाजाही का दबाव बढ़ सकता है। विमानों को व्यवस्थित करने और उन्हें निर्धारित स्थानों तक पहुंचाने में ही पांच से छह घंटे लग सकते हैं। इसके अलावा कई पायलटों और क्रू सदस्यों के निर्धारित कार्य घंटे पूरे हो जाने से उनकी जगह दूसरे कर्मचारियों की व्यवस्था करनी पड़ेगी।
विमानों में ईंधन भरने, पार्किंग स्टैंड और गेट उपलब्ध कराने जैसी व्यवस्थाएं भी दोबारा उड़ान संचालन शुरू करने की प्रक्रिया को धीमा कर सकती हैं। ऐसे में तकनीकी समस्या ठीक होने के बाद भी उड़ानों का पूरा शेड्यूल बहाल होने में समय लगने की आशंका जताई गई।







