पटियाला, 14 नवंबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): राज्य चुनाव आयोग, पंजाब द्वारा पटियाला नगर निगम के 30 वार्डों में करवाए जा रहे पुनः चुनाव के लिए वरिष्ठ आई.ए.एस. अधिकारी श्री संदीप हंस को चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। श्री हंस इस समय पंजाब सरकार के फूड प्रोसेसिंग विभाग में विशेष सचिव के तौर पर सेवाएं निभा रहे हैं।
आयोग द्वारा जारी पत्र के अनुसार, 18 नवंबर की शाम तक पटियाला पहुंच कर वह 19 से 21 नवंबर तक नामांकन प्रक्रिया एवं चुनाव चिन्हों के आवंटन के दौरान जिले में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा, 26 नवंबर से लेकर मतदान के दिन तथा चुनाव परिणामों की अंतिम घोषणा तक भी वह चुनाव प्रबंधों की निगरानी करेंगे।
उल्लेखनीय है कि पटियाला नगर निगम के 30 वार्डों के लिए 28 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। चुनाव पर्यवेक्षक द्वारा संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया पर नजर रखी जाएगी, ताकि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न करवाए जा सकें।







