पटियाला, 18 नवंबर 2026 (छत्रपाल सिंह): शिलांग, मेघालय में 11 से 18 नवंबर 2026 तक आयोजित की जा रही एन.टी.पी.सी. सीनियर नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिप में पंजाब के तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कंपाउंड वर्ग के पुरुष एवं महिला टीम मुकाबलों में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया।
कंपाउंड पुरुष टीम, जिसमें गुरनूर सिंह, संगमप्रीत सिंह बिसला, उदय कंबोज और सुखमनदीप सिंह शामिल थे, ने फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश की टीम को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इसी प्रकार कंपाउंड महिला टीम, जिसमें परनीत कौर, जसवीर कौर, अवनीत कौर और मनरूप कौर शामिल थीं, ने फाइनल में उत्तर प्रदेश की टीम को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया।

इस शानदार सफलता के पीछे कोच गौरव शर्मा की कड़ी मेहनत, उचित मार्गदर्शन तथा खिलाड़ियों की लगन और समर्पण का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर निदेशक खेल जीवनजोत सिंह तेजा के नेतृत्व और खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की जा रही है।
पंजाब की दोनों टीमों की इस शानदार जीत से खेल जगत में खुशी की लहर है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर पंजाब की तीरंदाजी की मजबूत पहचान को साबित किया है।







