चंडीगढ़, 19 नवंबर 2026 (छत्रपाल सिंह): चंडीगढ़ से बठिंडा जाने वाले वाहन चालकों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। पटियाला बाईपास पर नेशनल हाईवे-64 (नया NH-07) पर भाखड़ा मेन लाइन नहर पर बना करीब 60 मीटर लंबा स्टील ट्रस पुल आज सुबह लगभग 6 बजे अचानक ढह गया। यह पुल सड़क के बाईं ओर (LHS) स्थित था। इस घटना में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।
पुल ढहने के बाद नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। अथॉरिटी के अनुसार, घटना के तुरंत बाद NHAI की इंसीडेंट मैनेजमेंट टीम मौके पर पहुंच गई और बाईं ओर से गुजरने वाले यातायात को सर्विस रोड के जरिए डायवर्ट कर दिया गया।
सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल पर 24 घंटे रोड सेफ्टी मार्शल तैनात किए गए हैं। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस बैरिकेडिंग के जरिए वाहनों की आवाजाही नियंत्रित कर रही है। वाहन चालकों को खतरे से आगाह करने के लिए जरूरी साइन बोर्ड और रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित रखने के लिए गिरे हुए पुल के हिस्से के आसपास व्यू कर्टेन भी लगाए जा रहे हैं।
NHAI ने अपने बयान में बताया कि पटियाला बाईपास का चार लेन वाला सड़क खंड वर्ष 2018 में अथॉरिटी को सौंपा गया था। इसके निर्माण का काम पंजाब सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) ने करवाया था। फिलहाल यह सड़क खंड NHAI के शॉर्ट-टर्म मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट के तहत है। अथॉरिटी के अनुसार, ढह गया बाईं ओर का पुल बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) ने पंजाब सरकार के PWD की निगरानी में बनाया था।
NHAI ने भरोसा दिलाया है कि सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
वाहन चालकों के लिए सलाह: चंडीगढ़-बठिंडा मार्ग पर सफर करने वाले लोग पटियाला बाईपास के पास सावधानी बरतें, ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और सर्विस रोड के जरिए निर्धारित डायवर्जन का इस्तेमाल करें।







