21 नवंबर तक ई-केवाईसी, मोबाइल नंबर अपडेट करने और जीवन प्रमाण पत्र ऑनलाइन जमा करवाने की सुविधा
संगरूर, 19 नवंबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार जिला खजाना कार्यालय, संगरूर में पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों की सुविधा के लिए तीन दिवसीय ‘पेंशनर सेवा मेला’ आज शुरू हो गया। जिला खजाना अधिकारी बलविंदर कौर सोही की देखरेख में आयोजित यह मेला 21 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। पहले दिन बड़ी संख्या में पेंशनरों ने मेले में पहुंचकर सेवाओं का लाभ उठाया।
मेले का उद्घाटन करते हुए एसडीएम बादल दीन ने पेंशनरों से बातचीत की और उनके लिए किए गए प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने कहा, “पेंशनरों ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा सरकारी सेवा में बिताया है। अब उन्हें पेंशन संबंधी जरूरतों के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है। मेले में आने वाले प्रत्येक पेंशनर की समस्या ध्यानपूर्वक सुनी जाए और संभव हो तो उसका समाधान मौके पर ही किया जाए।”
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बुजुर्ग पेंशनरों के काम प्राथमिकता के आधार पर निपटाए जाएं। उन्होंने कहा कि जो बुजुर्ग या बीमार पेंशनर मेले में पहुंचने में असमर्थ हैं, उनकी ई-केवाईसी घर जाकर पूरी करवाने के लिए जरूरी प्रबंध किए जाएं। उन्होंने पेंशनरों से अपील की कि किसी भी परेशानी की स्थिति में वे संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।
जिला खजाना अधिकारी बलविंदर कौर सोही ने बताया कि जिले में सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त करीब 15 हजार पेंशनर और पारिवारिक पेंशनर हैं। उनकी पेंशन संबंधी सेवाओं को सुचारू बनाने के लिए पंजाब सरकार की ओर से ‘पेंशनर सेवा पोर्टल’ चलाया जा रहा है। पोर्टल के माध्यम से सेवाओं का पूरा लाभ लेने के लिए पेंशनरों की ई-केवाईसी पूरी होना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि मेले में ई-केवाईसी, पेंशनर सेवा पोर्टल पर पंजीकरण, मोबाइल नंबर अपडेट करने और वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र ऑनलाइन जमा करवाने के लिए अलग-अलग काउंटर स्थापित किए गए हैं। तैनात कर्मचारी पेंशनरों को मौके पर ही प्रक्रिया पूरी करवाने में सहायता दे रहे हैं।
बलविंदर कौर सोही ने पेंशनरों से अपील की कि वे मेले में आते समय पीपीओ की प्रति, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और वह मोबाइल फोन साथ लेकर आएं, जिस पर आधार से संबंधित ओटीपी प्राप्त होता है। उन्होंने जिले के सभी पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों से 21 नवंबर तक इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
मेले में पहुंचे पेंशनरों और पेंशनर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध करवाने की इस पहल की सराहना की।
पेंशनर सेवा पोर्टल pensionersewa.punjab.gov.in है। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-180-2148 और 0172-2996385/86 पर संपर्क किया जा सकता है।